माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। ओ डैडी जी दे कैश उत्ते करी जावे ऐश, साड्डा बापू जिम्मीदार कित्थों लै के देवे कार..., जट्ट दे ठिकाने बल्लिये, रब दी रज्जा ने बल्लिये.. जैसे प्रचलित गाने गाकर पंजाबी गायक एवं अभिनेता जस्सी गिल और बब्बल राय की जोड़ी ने खूब धमाल मचाया। मौका था फैशन नाइट का। जिसका आयोजन शुक्रवार की रात को होटल नूर महल में हुआ। करीब एक घंटे तक दोनों गायकों ने मंच पर ऐसा रंग जमाया कि हॉल में मौजूद हर कोई झूम उठा।
देर रात तक लोगों की भीड़ जमा रही और कर्ण नगरी के लोगों ने कार्यक्रम का खूब आनंद लिया। इससे पहले रैंप पर मॉडल्स ने अपनी प्रस्तुति दी। सबसे पहले बबल राय रैंप पर आए। उनके कुड़िये नी तेरे ब्राउन रंग ते, मुंड्डे पाट्ट ते नी सारे मेरे टाउन दे... गाने के साथ मॉडल्स ने रैंप वॉक की शुरुआत की। 14 फीमेल और एक मेल मॉडल ने करीब आधे घंटे तक अपनी प्रस्तुतियां दीं। बब्बल राय के बाद गायक एवं अभिनेता जस्सी गिल मंच पर आए। एक के बाद एक उन्होंने कई गीतों की झड़ी लगाई।
जब मॉडल्स का रैंप वॉक खत्म हुआ इसके बाद दोनों गायकों ने मिलकर गीतों की प्रस्तुति दी और दर्शकों को नाचने पर मजबूर कर दिया। अंत में दोनों गायकों ने मिलकर पिता को समर्पित करते हुए साड्डा बापू जिम्मीदार कित्थों लै के देवे कार... गीत गाकर वाहवाही लूटी। इस दौरान एक महिला फैन ने अभिनेता जस्सी गिल को उनकी बेटी के साथ की तस्वीर तोहफे में भेंट की। इस पर उन्होंने अपनी बेटी का किस्सा सुनाते हुए अपने फैंस और करनाल के लोगों का धन्यवाद किया।
दुनिया से हमने लिया क्या, दुनिया को हमने दिया क्या...
जस्सी गिल ने तक तक तेनू गोरिये.., गुड़ नाल इश्क मिठ्ठा.., तेरा बापू आ लादेन ता नहीं.., निकले करंट, नखरे, अत्त करती, दिल टूटदा, जोड़ी तेरी मेरी, गबरू, इक साल, तेरा प्यार, चिट्टी लैंसर आदि गीतों की प्रस्तुति दी। इससे पहले बब्बल राय ने यंगस्टर रिटर्नस, तेरे लई, तेरा नाम, वन ड्रीम, आया नी तेरा ड्रीम ब्वॉय आया.., ब्राउन रंग ते.. और जट्ट दे ठिकाने बल्लिये, रब दी रज्जा ने बल्लिये... गीत की प्रस्तुति दी। इस बीच बब्बल राय ने बॉलीवुड गीत दुनिया से हमने लिया क्या, दुनिया को हमने दिया क्या... गाकर रंग जमाया।
हरियाणा के इतिहास को ध्यान में रखते हुए तैयार की ड्रेस
फैशन जगत के सेलेब्रिटी डिजाइनर राजदीप राणावत ने फैशन नाइट के लिए कलरफुल कलेक्शन डिजाइन किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा और करनाल के इतिहास को ध्यान में रखते हुए कलाकारों और मॉडल्स के ड्रेस को डिजाइन किया गया। वे लॉकडाउन के दौरान करीना कपूर के लिए डिजाइन की ड्रेस कफ्तान से हिट हुए थे।
पंजाब और हरियाणा मेरे लिए एक, करनाल घर जैसा
अभिनेता जस्सी गिल ने अमर उजाला से बातचीत में कहा कि पंजाबी फिल्मों के प्रति लोगों में काफी उत्साह है। युवाओं में फिल्मों व फैशन का काफी क्रेज है। उन्होंने युवाओं को अपनी सोच से और पसंद के क्षेत्र में करियर बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी को देखकर निर्णय न लें। उन्होंने कहा कि पंजाब और हरियाणा मेरे लिए एक है। करनाल में उनके कई मित्र हैं, इसलिए वे इसे अपना घर जैसा मानते हैं।
मेरा न रहया गीत लॉन्च करके आए करनाल
शो के संयोजक बब्बल राय ने कहा कि जैसे ही दिल्ली से बाहर निकलते हैं तो हरियाणा की मिट्टी से अलग ही सुगंध मिलती है। वे अपने गीतों में भी हरियाणा और पंजाब की एकता का संदेश देते हैं। वे शुक्रवार सुबह अपना गीत मेरा न रहया लॉन्च करके करनाल आए थे। देर शाम तक पांच लाख से ज्यादा लोगों द्वारा यू-ट्यूब पर देखा गया।