अंबाला। बस स्टैंड परिसर में बनने वाले चार्जिंग स्टेशन का जेवीएम कंपनी के पदाधिकारियों ने दौरान किया। यह चार्जिंग स्टेशन अंबाला छावनी बस स्टैंड परिसर में लाल कुर्ती बाजार की तरफ लगाया जाना है।
इस दौरान कंपनी पदाधिकारियों ने चार्जिंग स्टेशन के लिए चिन्हित की गई जगह का मुआयना किया। अब जेवीएम कंपनी के पदाधिकारी इस जगह पर पैनल और बसों को चार्ज करने वाला चार्जर स्थापित करेंगे। छावनी में नए चार्जिंग स्टेशन के लगने से इलेक्ट्रिक बसों को जल्दी चार्ज किया जाएगा। वर्तमान में अंबाला सिटी बस स्टैंड पर एक चार्जिंग स्टेशन है।
इलेक्ट्रिक बसों को चार्ज करने के लिए इलेक्ट्रिक बसों को अंबाला सिटी बस स्टैंड पर जाना पड़ता है। जिसके बाद बसे चार्ज होती है। छावनी में चार्जिंग स्टेशन लगने से बसों को करीब सात किलोमीटर का सफर तय नहीं करना पडे़गा और बस सिटी की तरह छावनी में ही चार्ज हो जाएंगी। छावनी बस स्टैंड परिसर में लगने वाले चार्जिंग स्टेशन के लिए रोडवेज के अधिकारियाें ने बिजली निगम में 300 केवीए का बिजली के कनेक्शन के लिए आवेदन कर दिया है।
इसके लिए बिजली निगम की तरफ से कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई जा रही है। जल्द ही बिजली निगम की और से बस स्टैंड परिसर में नया 300 केवीए का बिजली कनेक्शन लगा दिया जाएगा।
संस्था प्रबंधक भीम ने बताया कि बस स्टैंड परिसर में बनने वाले चार्जिंग स्टेशन का जेवीएम कंपनी के पदाधिकारियों ने दौरा किया है। रोडवेज की ओर से बेस बनाने के बाद कंपनी पदाधिकारी इस पर पैनल और चार्जर स्थापित करेंगे।