संवाद न्यूज एजेंसी
घरौंडा। हरियाणा सरकार के निर्देश पर प्रशासनिक अधिकारी रात्रि विश्राम के लिए शनिवार की शाम घरौंडा क्षेत्र के लालूपुरा गांव पहुंचे। यहां पुलिस अधीक्षक गंगाराम पूनिया और जिला परिषद के सीईओ एवं कार्यवाहक एडीसी गौरव कुमार ने चौपाल लगाई और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान 36 लोगों ने समस्याएं रखीं।
लालूपुरा के लोगों ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास दिलाने की मांग की तो सीईओ गौरव कुमार ने बताया कि गांव के जो भी पात्र लोग हैं और उन्होंने अभी तक प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पंजीकरण नहीं कराया है तो वह सात जून तक अपना पंजीकरण अवश्य करा लें। इसके लिए वह सरल केंद्र पर जाकर अपना पंजीकरण करा लें। सरपंच ओमबीर सिंह ने ग्राम पंचायत की छह समस्याएं रखीं। जिसमें गांव में पशु अस्पताल बनाने, सीसीटीवी लगाने की मांग शामिल रही। ग्रामीणों ने कहा कि पशु के बीमार होने पर यहां के लोगों को परेशानी होती है। सीईओ ने कहा कि इनकी फिजिब्लिटी चेक कराकर मांग को पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक गंगाराम पूनिया ने कहा कि गांव को नशा मुक्त बनाने के लिए एक कमेटी बनाएं। पुलिस भी मदद करेगी। जो लोग नशा करते हैं, उन्हें सुधारने के लिए अभियान चलाएं। नशा तस्करी से जुड़े लोगों की जानकारी गोपनीय तरीके से पुलिस को दें। यहां पुलिस से संबंधित कोई शिकायत नहीं मिली। इस मौके पर घरौंडा के एसडीएम राजेश सोनी, बीडीपीओ प्रशांत कुमार, रोडवेज के महाप्रबंधक कुलदीप सिंह, आरटीए विजय देशवाल, तहसीलदार रोहताश, कार्यकारी अभियंता विकास, जिला शिक्षा अधिकारी रोहताश वर्मा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।