- अधिकारी नहीं बता पाए पीली और सफेद पट्टी का अर्थ, डीसी बोले, सड़क सुरक्षा समिति सदस्यों को सामान्य जानकारी होना बेहद जरूरी
- सभागार में उपस्थित 55 अधिकारियों में से महज 15 प्रतिशत ने ही सवाल का जवाब देने के लिए खड़ा किया हाथ, अगली बैठक में लगेगी विशेष कक्षा
गगन तलवार
करनाल। सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में चर्चा के दौरान उपायुक्त उत्तम सिंह ने यातायात नियमों संबंधित सवालों के आधार पर अधिकारियों की एक परीक्षा ली। जिसमें 85 प्रतिशत तक अधिकारी असफल हुए तो उपायुक्त नाराज हो गए। उन्होंने कहा कि यह स्थिति निंदनीय है। जिला सड़क सुरक्षा समिति के सदस्यों को यातायात नियमों की सामान्य जानकारी होना बेहद जरूरी है।
उपायुक्त ने बैठक के दौरान अधिकारियों से सवाल किया कि सड़कों पर लगी सफेद और पीली पट्टी का क्या अर्थ है। इसके अलावा सड़क के बीच में जो सफेद पट्टी लगी होती है, उसका क्या मतलब होता है। इस सवाल का जवाब देने के लिए केवल हाथ खड़ा करने के लिए ही कहा गया। इस दौरान सभागार में उपस्थित 55 समिति के सदस्यों में से महज नौ लोगों ने ही हाथ उठाया। तो उपायुक्त ने नाराजगी व्यक्त की।
उन्होंने कहा कि आप सभी अधिकारियों और गैर सरकारी समिति सदस्यों का ड्राइविंग लाइसेंस भी होगा। डीएल बनवाने के लिए सभी को एक टेस्ट देना पड़ता है, इस दौरान इस तरह के सवाल पूछे जाते हैं। यदि समिति के सदस्यों को ही सड़कों पर लगे साइनेज और बोर्ड पर अंकित चिह्न का अर्थ नहीं पता होगा तो आमजन को कैसे जागरूक एवं नियम के उल्लंघन पर कार्रवाई करेंगे। विदित हो कि बैठक में परिवहन विभाग, पुलिस, सड़क इंजीनियरिंग में नगर निगम, पीडब्ल्यूडी, एनएचएआई के अधिकारी भी उपस्थित थे। इन विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी जवाब के लिए हाथ नहीं उठा पाए।
अब बैठक में चर्चा से पहले पढ़ाएंगे नियमों का पाठ
उपायुक्त ने बैठक में निर्देश जारी किए कि फरवरी माह से भविष्य में होने वाली मासिक बैठक में अब सभी समिति सदस्यों को नियमों का पाठ पढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि फरवरी की बैठक में केंद्र सरकार की ओर से सड़क सुरक्षा संबंधित जारी वीडियो दिखाई जाएगी। इसके बाद ही बैठक में एजेंडे पर चर्चा होगी। इसके अलावा यातायात एवं हाईवे पुलिस की ओर से जारी पुस्तिका भी अधिकारियों को दी जाएगी।
यह है इस पट्टी का अर्थ
01. सीधी सफेद पट्टी : हाईवे या एक्सप्रेस वे पर बनी सीधी सफेद पट्टी का मतलब है कि वाहन चालक अपनी लेन में चलेगा, उन्हें लेन नहीं बदलनी।
02. टूटी हुई सफेद पट्टी : सड़क पर बीच में बनी सफेद पट्टी जो बीच-बीच में टूट रही है यानी उस सफेद पट्टी के बीच में अंतर है तो वहां लेन बदल सकते हैं। यह सड़क को लेन में बांटती है, साथ ही नाइट लाइट इंडिकेटर के रूप में भी मानी जाती है।
03. पीली पट्टी : कुछ जगह सड़क पर सफेद की जगह पीली पट्टी होती है। इसका मतलब है कि यदि सड़क पर पीली पट्टी बनी हुई है, तो आप उस लेन में गाड़ी को ओवरटेक कर सकते हैं। शहर के बाजार में सड़क किनारे लगी पीली पट्टी अतिक्रमण को लेकर होती है। इसमें दुकानदार पट्टी के भीतर तक ही सामान रख सकते हैं। ऐसे में अलग-अलग जगहों पर पीली लाइन का मतलब अलग हो सकता है।
04. सड़क किनारे बनी पट्टी : सड़क किनारे सफेद और पीली पट्टी का मतलब है कि अपना वाहन उस पट्टी के अंदर ही रखना है। सड़क पर उस पट्टी से बाहर वाहन नहीं चलाना चाहिए, क्योंकि सड़क के अधिक किनारे गाड़ी चलाने पर दुर्घटना की संभावना होती है।