जिले में अवैध वाहनों के खिलाफ चल रही कार्रवाई के दौरान विवाद हो गया। मोटर वाहन अधिकारी ने चालान काटे जाने से नाराज एक ट्रक मालिक पर धमकी देने, दबाव बनाने और ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया। शिकायत के आधार पर एसपी कार्यालय के आदेश पर थाना बुटाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटनाक्रम 2 फरवरी का है। जिला परिवहन अधिकारी के निर्देश पर अवैध वाहनों की चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। कार्रवाई का नेतृत्व मोटर वाहन अधिकारी (प्रवर्तन) गुरजीत कौर कर रही थीं। उनके साथ टीम में ड्राइवर रामनारायण, सतबीर सिंह, खेमचंद और प्रमोद कुमार शामिल थे। इंद्री के पास भादसों रोड पर शाम करीब 4:30 बजे तीन वाहनों की जांच की गई, जिनमें विभिन्न अनियमितताएं पाई गईं। मोटर वाहन अधिनियम और सरकार की अधिसूचना के तहत चालान काटे गए। शिकायत में कहा गया है कि चालान की सूचना मिलने के बाद वाहन मालिक प्रवीन कुमार निवासी गांव मथाना (जिला कुरुक्षेत्र) मौके पर पहुंचे। नीलोखेड़ी के पास अपनी गाड़ी सरकारी वाहन के सामने रोक दी। आरोप है कि चालान निरस्त करने का दबाव बनाया। धमकी दी कि अगर चालान वापस नहीं लिए गए तो वह रिश्वत के झूठे आरोप लगाकर अधिकारी को फंसा देगा। गुरुकृपा राइस मिल, नीलोखेड़ी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में घटनाक्रम दर्ज होने की बात भी शिकायत में कही गई है।
कार्यालय में आकर रिकॉर्डिंग और अभद्र भाषा के आरोप
मोटर वाहन अधिकारी ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उनके कार्यालय में आकर मोबाइल फोन से बातचीत की रिकॉर्डिंग की। असामाजिक भाषा का प्रयोग किया। मीडिया में बदनाम करने की धमकी देता रहा। अधिकारी के अनुसार आरोपी ने उनके करियर को बर्बाद करने की भी धमकी दी, जिससे वे मानसिक रूप से परेशान हुईं। इसके बाद 12 फरवरी को एसपी कार्यालय से शिकायत थाना बुटाना पहुंची, जिसके बाद केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई।
मोटर वाहन अधिकारी की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। कॉल डिटेल रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। -राजपाल सिंह, थाना प्रभारी, बुटाना