करनाल। ड्रैगन बोट इंडिया और पारंपरिक खेल महासंघ की ओर से आयोजित 12वीं राष्ट्रीय ड्रैगन बोट प्रतियोगिता में बुधवार को जिले के पांच खिलाड़ियों ने 500 मीटर की रेस में कांस्य पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया। 24 से 27 नवंबर तक विष्णुपुरी नांदेड़ महाराष्ट्र में आयोजित प्रतियोगिता में विभिन्न प्रदेशों से कुल 15 टीमें भाग ले रही हैं।
उत्तराखंड की टीम की ओर से करनाल के खिलाड़ी अनुज, सावन, सतनाम, रोहित और मितेश 500 मीटर दौड़ में हिस्सा लिया। मंगलवार को 1000 मीटर रेस में टीम ने पदक जीता था। खिलाड़ी अनुज ने बताया कि वीरवार को 200 मीटर की रेस का आयोजन किया जाएगा। जो खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में अच्छा प्रदर्शन करेगा उसे 2026 में होने वाले एशियाई खेलों के लिए चयनित किया जाएगा। सभी खिलाड़ी जिले में स्थित गुरु गोरखनाथ वॉटर क्लब से जुड़े हैं और पहले भी राष्ट्रीय स्तर पर कई पदक जीत चुके हैं।