करनाल। बिजली निगम की ओर से अब शहर में ट्रांसफार्मर के बजाय एक हजार केवी के सीएसएस (कॉम्पैक्ट सेकेंडरी सब स्टेशन) से बिजली आपूर्ति की जाएगी। इसके लिए आंबेडकर चौक से घंटाघर चौक तथा मुख्य बाजार से मीरा घाटी चौक तक आठ सीएसएस रखवाए जा चुके हैं।
वहीं करीब 10 किलोमीटर के क्षेत्र में एचटी और एलटी लाइन लग चुकी है। इस व्यवस्था से ट्रांसफार्मरों के बार-बार खराब होने की समस्या से छुटकारा मिलेगी और बिजली बिना रुकावट के उपलब्ध रहेगी।
निगम की ओर से 36 करोड़ रुपये की लागत से शहर की बिजली लाइनों को भूमिगत करने का कार्य चल रहा है। इसके लिए कर्ण पार्क, आंबेडकर चौक, घंटाघर चौक, पुरानी सब्जी मंडी, मुख्य बाजार व मीरा घाटी चौक के बीच के रास्ते में (प्लींथ) तैयार करके सीएसएस रखवाए जा चुके हैं। निगम की रिपोर्ट के अनुसार इस कार्य के लिए 30 प्रतिशत राशि खर्च की जा चुकी है। बकाया 70 प्रतिशत राशि मई माह के अंत तक खर्च कर परियोजना को धरातल पर लागू करने की योजना है। एसडीओ ने बताया कि सीएसएस ट्रांसफार्मर से ज्यादा लोड उठाने की क्षमता रखते हैं। यह उपकरण बिजली के अधिक और कम वोल्टेज को नियंत्रित करने में सक्षम है।
इस परियोजना में आंबेडकर चौक से घंटाघर चौक, घंटाघर चौक से पुरानी सब्जी मंडी व कुंजपुरा रोड से जिला नागरिक अस्पताल तक, पुरानी सब्जी मंडी से मीरा घाटी चौक और वहां से मेरठ चौक तक की सभी खुली लाइनों को भूमिगत किया जाएगा। इस कार्य के लिए दिल्ली की गो पावर इलेक्ट्रिक कंपनी को टेंडर दिया गया है। संवाद