करनाल में जीटी रोड पर घरौंडा के पास रात को एक भीषण सड़क हादसे में चार वाहन आपस में भिड़ गए। डिवाडर तोड़ कर दूसरी साइड में घुसे ट्रक ने बस को टक्कर मारते हुए इनेवा को टक्कर मार दी। पीछे से आ रहे दूसरे ट्रक के बीच में इनेवा फंस गई। दुर्घटना में इनेवा सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक युवती सहित छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोनों ट्रकों के बीच फंसी इनोवा में सवार दोनों युवकों को मुश्किल से बाहर निकाला गया, जिनमें से एक की अस्पताल में मौत हो गई। जबकि बस में सवार आगरा की महिला सहित कई यात्री घायल हुए। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए घरौंडा अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे के बाद जीटी रोड पर जाम लग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंच स्थिति संभाली और जाम खुलवाया। थाना घरौंडा पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।
सड़क हादसे में घायल पंजाब के लुधियाना निवासी मनप्रीत सिंह ने बताया कि वह इनोवा कार चलाता है। शुक्रवार रात वह अपने साथी नवदीप उर्फ हर्षदीप के साथ ताऊ के बेटे को छोड़ने दिल्ली एयरपोर्ट गया था। वापसी में रात करीब 11:30 बजे वे घरौंडा में रेस्ट हाउस के पास पहुंच तो हादसा हुआ। उनके आगे एक प्राइवेट बस चल रही थी।
तभी जीटी रोड पर ही पानीपत की ओर से तेज एक ट्रक तेज गति से आया और डिवाइडर पार करते हुए आगे चल रही बस के साथ टकराया फिर उनकी गाड़ी में टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि उनकी गाड़ी पीछे से आ रहे दूसरे ट्रक के बीच फंस गई। मौके पर राहगीरों की मदद से उनको निकाला गया।
इसके बाद पहले इलाज के लिए उन्हें घरौंडा के अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में उन्हें कल्पना चावला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने नवदीप को मृत घोषित कर दिया। जबकि उसे काफी चोटें आई हैं।