संवाद न्यूज एजेंसी
घरौंडा। शहर में अवैध रूप से चल रहे पानी के कनेक्शनों के उपभोक्ताओं को जन स्वास्थ्य विभाग ने नोटिस देना शुरू कर दिया है जिससे उनमें खलबली मची है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध रूप से चल रहे कनेक्शनों से काफी मात्रा में पानी व्यर्थ बहाया जा रहा है। इस कारण जल स्तर लगातार घट रहा है।
विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अवैध कनेक्शनों से लोगों के साथ-साथ विभाग को भी परेशानी है। अवैध कनेक्शन पर टूंटी न लगी होने के कारण वह कनेक्शन कई बार गंदे पानी से जुड़ जाता है। इस कारण से उस पूरे क्षेत्र में गंदे पानी की सप्लाई शुरू हो जाती है, जिससे बीमारी फैलने की आशंका रहती है। लोगों को नोटिस देने का उद्देश्य उपभोक्ता नया कनेक्शन लेने से पहले विभाग से स्वीकृति लें। ऐसा करने से यह विभाग के संज्ञान में आ जाएगा ओर वह उसका रख-रखाव व खराबी होने पर ठीक करने के लिए भी उत्तरदायी होंगे।
शहर में काफी कनेक्शन अवैध रूप से चल रहे हैं, इस कारण से पानी की बर्बादी हो रही है। जानकारी के अभाव में लोग खुले में नल चला रहे हैं। इस स्थिति को सुधारने के लिए विभाग ने उपभोक्ताओं को नोटिस देना शुरू किया है ताकि उपभोक्ता कनेक्शन लेने से पहले उसकी स्वीकृति लें।
रविंद्र कुमार, उपमंडल अधिकारी, जन स्वास्थ्य विभाग, घरौंडा