संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। जिले में आरटीई के तहत इस बार दाखिला प्रक्रिया अव्यवस्था की भेंट चढ़ गई है। विभाग ने 1 से 7 अप्रैल तक ऑनलाइन आवेदन का शेड्यूल जारी किया था लेकिन तकनीकी खामियों के कारण पोर्टल वीरवार तक शुरू ही नहीं हो पाया। इससे तय शेड्यूल रद्द हो गया। वहीं, अभिभावकों को लंबा इंतजार करना पड़ गया है।
नए शेड्यूल की सूचना न मिलने से अभिभावकों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। बच्चे का दाखिला कब होगा, इसे लेकर स्पष्टता नहीं है। अभिभावक जानकारी के लिए सीएससी केंद्रों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा। आरटीई नियम के तहत निजी स्कूलों में प्रवेश स्तर पर 25 प्रतिशत सीटें वंचित वर्ग के बच्चों के लिए आरक्षित होती हैं, जिनकी फीस सरकार वहन करती है। लेकिन प्रक्रिया शुरू न होने से इन सीटों पर दाखिले अटक गए हैं।
- ये हैं आवेदन करने के लिए मानक
दाखिले के लिए नर्सरी में 3 से 4 साल, एलकेजी में 4 से 5 साल, यूकेजी में 5 से 6 साल और पहली कक्षा में 6 से 7 साल की आयु तय है। इसके साथ परिवार पहचान पत्र, आधार कार्ड, आय प्रमाण पत्र और रिहायशी प्रमाण पत्र जरूरी होते हैं। बतादें कि जिले में करीब 102 स्कूलों में बच्चों के दाखिले होने हैं जिनमें अभी तक एक भी आवेदन नहीं हो पाया है क्योंकि ऑनलाइन व्यवस्था सुचारू नहीं हो पाई।
वर्जन-
जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी नीलम कुंडू ने बताया कि अभी तक कोई शिकायत नहीं आई लेकिन अगर ऐसी स्थिति है तो अवश्य रूप आवेदन की तिथि बढ़ाई जाएगी।