- सख्ती का दिखा असर, 12वीं की परीक्षाएं जारी
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं में इस बार काफी सख्ती बरती गई। ऐसे में जिले में पहली बार कक्षा 10वीं की परीक्षाएं पूरी तरह से नकल रहित संपन्न हुई हैं। हालांकि कक्षा 12वीं की परीक्षाएं जारी हैं, 29 मार्च तक आठ परीक्षाएं और आयोजित की जाएंगी।
करनाल जिले में 27 फरवरी से हरियाणा बोर्ड की परीक्षाओं का आयोजन हुआ। वीरवार को भी कक्षा 12वीं की गणित विषय की परीक्षा हुई। अधिकारियों के अनुसार, यह परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हुई। परीक्षा के लिए जिले में 79 केंद्र बनाए गए हैं, जहां पर 19 मार्च तक कक्षा 10वीं की परीक्षाएं हुईं। इन परीक्षाओं में दोनों कक्षाओं के 26263 विद्यार्थी शामिल रहे।
हरियाणा बोर्ड के अधीक्षक एवं करनाल जिले के नोडल अधिकारी सत्यवान ने बताया कि किसी भी परीक्षा के दौरान कहीं कोई अव्यवस्था देखने को नहीं मिली। जिला और उपमंडल स्तर पर 10 उड़नदस्तों ने लगातार जांच की। भिवानी, नूंह सहित अन्य जिलों में नकल मिलने पर यहां भी टीमें सतर्क रहीं। रोजाना परीक्षा के दौरान 80 फीसदी केंद्रों तक जांच की गई। जांच के दौरान टीमों ने कमरे, बरामदे, विद्यार्थियों के कपड़े, रुमाल, उत्तर पुस्तिका, शौचालय आदि भी खंगाले। इससे पहले प्रवेश के दौरान भी ज्यादातर केंद्रों पर जांच हुई।
इस दिन इसकी परीक्षा होगी
कक्षा 12वीं : 21 मार्च को गृह विज्ञान, 22 को सैन्य विज्ञान, नृत्य, मनोविज्ञान और संस्कृत व्याकरण भाग-1, 24 को भूगोल, 25 को संगीत हिंदुस्तानी, बिजनेस स्टडीज, 26 को हिंदी कोर और इलेक्टिव, 27 को को रिटेल, ऑटोमोबाइल, आईटी और आईटीईएस, रोगी देखभाल सहायक, शारीरिक शिक्षा और खेल, सौंदर्य और कल्याण, यात्रा पर्यटन और आतिथ्य, कृषि धान की खेती, मीडिया एनिमेशन, बैंकिंग और वित्त सेवाएं, बैंकिंग और बीमा सेवाएं, परिधान फैशन डिजाइन, कार्यालय सचिव और हिंदी/अंग्रेजी में आशुलिपि और संस्कृत व्याकरण भाग-2, 28 को फिजिकल एजुकेशन, 29 मार्च को पंजाबी, संस्कृत साहित्य और वेद सिद्धांत।
जहां नकल होती थी, वहां नहीं बनाए केंद्र
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 10वीं व 12वीं कक्षा की वार्षिक परीक्षा में इस बार उन स्कूलों में परीक्षा केंद्र नहीं बनाए गए हैं, जहां पिछले वर्षों में नकल के मामले ज्यादा सामने आए थे। खास बात यह भी है कि इस बार जिले में कोई संवेदनशील और असंवेदनशील केंद्र नहीं है। परीक्षा के 79 केंद्र बनाए गए हैं। इनमें सबसे ज्यादा 44 केंद्र करनाल शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के हैं, जबकि उपमंडल असंध में 15, घरौंडा में 12 तो इंद्री में आठ स्कूलों में परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
वर्ष 2023 में बोर्ड की ओर से 86 केंद्रों पर 10वीं और 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा आयोजित की गई थी। फरवरी में हुई परीक्षा में करीब 28 हजार विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया था। करीब डेढ़ माह तक चली परीक्षा के दौरान 40 से ज्यादा विद्यार्थियों को अलग-अलग टीमों ने नकल करते दबोचा था। इनमें कई मामले ग्रामीण स्कूलों के भी थे। इसके अलावा 2024 में भी दो परीक्षार्थी दूसरे की जगह परीक्षा देते दबोचे गए थे।