करनाल। दिवाली पर घर जाने की तैयारी कर रहे यात्रियों के सामने इस बार भी कंफर्म टिकट का संकट है। त्योहार में अभी समय है लेकिन उत्तर प्रदेश और बिहार की ओर जाने वाली प्रमुख ट्रेनों में सीटों की उपलब्धता तेजी से घट रही है। दिवाली सप्ताह में किसी ट्रेन में स्लीपर श्रेणी की वेटिंग 100 के पार पहुंच गई है तो किसी में थर्ड एसी और सेकंड एसी में भी लंबी प्रतीक्षा सूची चल रही है। कुछ ट्रेनों की कई श्रेणियों में प्रतीक्षा सूची भी उपलब्ध नहीं है।
दिवाली सप्ताह में 13052 नेताजी एक्सप्रेस में स्लीपर श्रेणी में 108 और थर्ड एसी में 78 वेटिंग है। सेकंड एसी में भी 35 यात्रियों की प्रतीक्षा सूची है। इसी तरह 15708 अमृतसर-कटिहार आम्रपाली एक्सप्रेस में स्लीपर में 110, थर्ड एसी इकॉनमी में 87 और सेकंड एसी में 51 वेटिंग है।
14218 ऊंचाहार एक्सप्रेस में थर्ड एसी इकॉनमी में 55, थर्ड एसी में 80, सेकंड एसी में 44 और फर्स्ट एसी में 17 वेटिंग बताई गई है। 20434 जम्मू मेल और 18102 टाटानगर-जम्मूतवी एक्सप्रेस की कई श्रेणियों में प्रतीक्षा सूची उपलब्ध ही नहीं है।
त्योहार स्पेशल ट्रेनें चलीं, करनाल के यात्रियों को इंतजार
त्योहारों पर यात्रियों की भीड़ कम करने के लिए रेलवे ने कई विशेष रेल सेवाओं की घोषणा की है। इनमें नई दिल्ली-पटना वंदे भारत स्पेशल भी शामिल है, जिसका संचालन 22 अक्तूबर से 26 नवंबर तक निर्धारित किया गया है। इस ट्रेन के मार्ग में अलीगढ़ समेत कई प्रमुख स्टेशन शामिल हैं। इसके अलावा दिल्ली से अन्य गंतव्यों के लिए भी त्योहार विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं। लेकिन करनाल के यात्रियों की परेशानी यह है कि उनके लिए सुविधाजनक समय और स्टेशन से यूपी-बिहार की ओर जाने वाली अतिरिक्त ट्रेन का विकल्प नहीं मिल रहा। ऐसे में यात्रियों को पहले सामान्य ट्रेन या बस से दिल्ली अथवा अंबाला पहुंचने और वहां से स्पेशल ट्रेन पकड़ने की योजना बनानी पड़ सकती है।
ट्रेनों में वेटिंग की संख्या पर नजर रखी जा रही है। यदि आवश्यकता लगी तो वेटिंग कंफर्म करने के लिए अतिरिक्त कोचों की व्यवस्था कराई जाएगी। - हिमांशु शेखर उपाध्याय, सीपीआरओ, उत्तर रेलवे