माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। फूसगढ़ गांव में अमेरिका में रह रहे बलकार लाठर के मकान पर फायरिंग करने के आरोपी बदमाशों का पुलिस अब तक पता नहीं लगा पाई है। बदमाशों की पहचान के लिए क्षेत्र में लगे सीसीटीवी को खंगाला जा रहा है। अब तक की फुटेज में दो बदमाश शहर की तरफ भागते हुए दिखाई दिए हैं। गांव से निकलने के बाद वे ग्रीन बेल्ट से आगे किस तरफ गए, इसकी जांच की जा रही है। मामले में चार टीमें जांच में जुटी हैं। स्थानीय क्षेत्र के अलावा मेरठ राजमार्ग और ग्रीन बेल्ट के सीसीटीवी भी पुलिस खंगाल रही है।
मामले के अनुसार, मंगलवार की रात करीब डेढ़ बजे बाइक सवार दो बदमाशों ने फायरिंग की थी। नीचे दुकान और ऊपर मकान पर चार से पांच राउंड गोलियां दागी गई। इसके बाद बाइक सवार बदमाश मौके से भाग गए। वारदात की सूचना पुलिस को सुबह 9.15 बजे मिली। सूचना मिलते ही सेक्टर-32 थाना पुलिस व सीआईए के टीमें मौके पर पहुंची। दोपहर तक पुलिस ने मौके जांच व आसपास के लोगों से पूछताछ की। फाॅरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए। कुल तीन रोंद और एक कारतूस मौके से बरामद हुआ है।
पुलिस के अनुसार, बदमाशों ने पहले नीचे ब्यूटी पार्लर की दुकान पर गोलियां चलाई। गोली शटर, शीशा और परदे को चीरते हुए अंदर गई। इसके बाद ऊपर मकान पर बदमाशों ने दो गोलियां दागी। ये गोलियां छज्जे पर लगी ग्रील और कांच को तोड़ते हुए निकलीं। सेक्टर-32 थाना के प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि प्राथमिक जांच में रंजिश व रंगदारी जैसी कोई बात सामने नहीं आई है लेकिन पुलिस इस एंगल पर भी जांच कर रही है।
लोगों से हुई पूछताछ, देर रात को निकलने से कतरा रहे
वारदात के बाद वीरवार को भी पुलिस टीम क्षेत्र में रही। इस दौरान कई लोगों से पूछताछ भी की गई। पूछताछ में लोगों ने बताया कि अब से पहले इस तरह की कोई वारदात कभी नहीं हुई, न हीं बलकार के परिवार की किसी से रंजिश है। इधर, पुलिस की ओर से भी चौकसी बढ़ा दी गई है। क्षेत्र में गश्त हो रही है और वारदात क्षेत्र में पुलिस के जवान भी तैनात हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि वे अब देर रात को बाहर निकलने से कतरा रहे हैं।