जीटी रोड स्थित मयूर ढाबे के समीप चौहान पेट्रोल पंप पर बाइक सवार तीन बदमाशों द्वारा सेल्समैन को गोली मारकर 70 हजार रुपए लूटने के मामले में पुलिस के हाथ खाली हैं। वारदात के 24 घंटे बाद भी बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा है। पिछले साल 2019 में भी तीन पेट्रोल पंपों पर इस तरह की वारदात हुई थी। जिसमें 27 जुलाई को सेक्टर चार स्थित सक्षम पेट्रोल पंप से लुटेरे 22000 रुपए लूटकर फरार हो गए थे वहां भी सेल्समैन को बदमाशों ने गोली मारी थी। 24 घंटे बाद घरौंडा स्थित राणा पेट्रोल पंप पर बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया था। फिर 15 सितंबर को निसिंग स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप पर एक बाइक सवार लुटेरे ने वारदात को अंजाम दिया था। इन तीनों मामलों में पुलिस ने सेक्टर 4 और घरौंडा पेट्रोल पंप पर हुई लूट की वारदात के आरोपियों को तो गिरफ्तार कर लिया था लेकिन निसिंग स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप पर हुई लूट की वारदात आज तक अनसुलझी है। जिले में करीब 210 पेट्रोल पंप हैं। इनमें अधिकतर पर सुरक्षाकर्मी नहीं हैं।
पीसीआर की गश्त बढ़ाने की मांग
लूट की बढ़ती वारदातों से अन्य पेट्रोल पंप संचालक भी डरे हैं। क्योंकि पिछले साल भी बदमाशों ने इसी तरह तीन वारदातों को अंजाम दिया था, पेट्रोल पंप मालिकों का कहना है कि पुलिस उनकी सुरक्षा और पीसीआर की गश्त भी बढ़ाये ताकि वह पेट्रोल पंप को चला सके।
पेट्रोल पंप पर हुई लूट के मामले में सीआईए सहित तीन टीमें जांच कर रही हैं। पेट्रोल पंप के आसपास के क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है। साथ ही हर एंगल से मामले की जांच की जा रही है। जल्द तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
ललित कुमार, सदर थाना प्रभारी