करनाल/मूनक। बाकरखेड़ी गांव के 19 वर्षीय मोक्ष की सोमवार को भी नहर में तलाश की गई। घटना के तीसरे दिन भी उसका कोई सुराग नहीं लग सका। एसडीआरएफ की टीम स्थानीय गोताखोरों और पुलिस प्रशासन के साथ संयुक्त रूप से नहर में अलग-अलग स्थानों पर तलाशी अभियान चला रही है। तेज बहाव से अभियान में बाधा आ रही है।
शनिवार शाम को मोक्ष हवन सामग्री बहाने के लिए नहर पर गया था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसला और वह गहरे पानी में जा गिरा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया लेकिन तेज बहाव के कारण वह देखते ही देखते लापता हो गया।
रविवार को भी दिनभर तलाशी के लिए अभियान चलाया गया था। इसमें भी सफलता हाथ नहीं लगी। सोमवार सुबह फिर से सर्च अभियान को तेज किया गया। एसडीआरएफ की टीम ने विशेष उपकरणों के साथ नहर में कई किलोमीटर तक तलाश की। स्थानीय गोताखोरों ने भी पानी में उतरकर संभावित स्थानों पर खोजबीन की। नहर के किनारों पर भी पुलिस की टीमें तैनात रहीं ताकि अगर युवक कहीं बाहर निकलता है तो तुरंत जानकारी मिल सके।