फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Karnal News: विज्ञापन साइटों पर नहीं आवेदन, अब 16 नए लोकेशन

विज्ञापन
विज्ञापन
माई सिटी रिपोर्टर
विज्ञापन

करनाल। नगर निगम ने शुक्रवार को 16 और विज्ञापन साइटों को लाइव किया है। इससे पहले 22 विज्ञापन साइटों को लाइव किया गया था लेकिन पिछले तीन महीने में किसी ने भी किराया देकर विज्ञापन होर्डिंग्स, पोस्टर आदि लगाने के लिए आवेदन नहीं किया है। जबकि शहरभर में करीब 100 से अधिक विज्ञापन साइट हैं, जिन पर लोग बिना कोई शुल्क अदा किए ही अपने प्रतिष्ठानों और व्यवसायों का प्रचार प्रसार कर रहे हैं। फिलहाल लाइव की गई नई साइटों पर 31 मई तक ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं, जिस पर एक जून को बोली लगेगी।
नगर निगम करनाल ने 21 फरवरी से पहले 22 विज्ञापन साइट को पोर्टल पर लाइव किया था। साथ ही इच्छुक लोगों का आह्वान किया था कि वह अपनी कंपनी या व्यवसाय, दुकान आदि का प्रचार प्रसार करने के लिए लोकेशन को देखकर ऑनलाइन आवेदन करें। तब से लेकर अब तीन महीने का समय बीत गया है, लेकिन एक व्यक्ति ने भी ऑनलाइन आवेदन नहीं किया है। अब एक बार फिर नगर निगम ने बस क्यू शेल्टरों को भी विज्ञापन साइट घोषित करते हुए उन्हें लाइव किया है, जिसके लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे हैं। इस पर लोग आवेदन करेंगे या नहीं ये तो समय बताएगा। इसका मुख्य कारण ये है कि निगम कई सालों से विज्ञापन के लिए लगाए गए बैनर पोस्टर उतारने की खानापूर्ति करता आ रहा है। कभी दो चार महीने में एक बार एक गाड़ी में दो चार लोग जाते हैं। कुछ बोर्ड, होर्डिंग्स उतार लाते हैं और फिर कई महीनों तक भूल जाते हैं। यही कारण है कि जब फ्री में उनके विज्ञापन के बैनर, बोर्ड, होर्डिंग्स आदि लगे रहते हैं तो वह आखिर पैसे क्यों लगाएं। यही कारण है कि शहर की सभी प्रमुख सड़कों पर लगे हर पोल पर बैनर, पोस्टर, होर्डिग्स लगे नजर आ रहे हैं। निगमायुक्त अभिषेक मीणा ने बताया कि इच्छुक व्यक्ति या एजेंसी ulb.project247.in पोर्टल पर, 31 मई की शाम पांच बजे तक एक या एक से अधिक साइट भरकर आवेदन कर सकता है।
विज्ञापन

निर्धारित किराया और प्रक्रिया
सभी विज्ञापन साइट के आधार पर उनका वार्षिक रेट तय किया गया है। वार्षिक रेट की कुल राशि का 10 प्रतिशत ईएमडी यानी बयाना के रूप में भरना होगा। इसके बाद एक जून को ऑनलाइन बोली होगी। सफल बोलीदाता को रेट का एक चौथाई भाग अग्रिम रूप में जमा करवाना होगा। शेष राशि तिमाही आधार पर भुगतान करना होगा। विज्ञापन प्रदर्शन करने के लिए जगह एक वर्ष के लिए दी जाएगी, जो पार्टियां बोली में असफल रहेंगी, वे अपनी ईएमडी वापस ले सकती हैं। सारी प्रक्रिया ऑनलाइन ही पूरी करनी होगी।
विज्ञापनों स्थलों से निगम बढ़ाएगा अपनी कमाई
अधिकतम बोली के आधार पर चयनित व्यक्ति या एजेंसी अपना विज्ञापन प्रदर्शित करने के लिए होर्डिंग का स्ट्रक्चर स्वयं भी लगा सकते हैं और उसे ठेका अवधि के अंदर जब चाहें उतार भी सकते हैं। विज्ञापनों की कमाई से नगर निगम की आय में इजाफा होगा। उचित जगहों पर ही अधिकृत विज्ञापन प्रदर्शित होंगे, जो एजेंसी ठीक से काम करेगी, समय पर अपनी देय राशि को निगम के खाते में जमा करवाएगी, उसका ठेका एक साल से बढ़ाकर तीन साल भी किया जा सकता है।
ये हैं बस क्यू शेल्टर की लोकेशन
शुक्रवार को लाइव की गई लोकेशन में सेशन मार्ग, रेलवे स्टेशन, एसडी. मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बस स्टैंड, अग्गी पार्क, आंबेडकर चौक, अस्पताल रोड, सेक्टर-14 स्थित राजकीय कॉलेज, मुगल कैनाल नजदीक सब्जी मंडी, ताऊ देवी लाल चौक, कर्ण विहार, सामुदायिक केन्द्र सेक्टर-9, सेक्टर 7-8 डिवाइडिंग रोड, लघु सचिवालय, सुपर मॉल तथा सेन भगत चौक की लोकेशन शामिल हैं।
विज्ञापन

यूं तो शहर में 100 से अधिक साइटें हैं लेकिन अभी 16 साइटें लाइव की गई हैं, शेष को जल्द लाइव कर दिया जाएगा। अवैध रूप से बिना अनुमति के विज्ञापन प्रदर्शित करने की अनुमति किसी को नहीं होगी, जो भी व्यक्ति ऐसा करेगा, नगर निगम की एन्फोर्समेंट टीम उसके विज्ञापन को अवैध मानते हुए उसे उतार देगी और कार्रवाई करेगी। संबंधित के खिलाफ द हरियाणा म्यूनिसिपल एडवरटाइज़मेंट बायलॉज़ 2022 के तहत कार्रवाई की जाएगी। इसके तहत 52 दुकानदारों, एजेंसियों को नोटिस जारी किया गया है। वहीं एक टीम ने अवैध होर्डिंग को उतारने का काम शुरू कर दिया है। - अभिषेक मीणा, निगमायुक्त करनाल।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें