करनाल। असंध के बस स्टैंड के समीप शराब के ठेके से पकड़ी गई बीयर की 50 पेटियों के मामले में आबकारी विभाग की ओर से दो दिन बीतने पर भी कार्रवाई नहीं की गई। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में रिपोर्ट बनाकर उच्च अधिकारियों को भेजी गई है। वहां से दिशा निर्देश आने पर ही आगामी कार्रवाई की जाएगी। शराब ठेकेदार पंजाब से बीयर की सस्ती पेटियां लाकर असंध में सस्ते दाम में बेच रहा था। जिसकी शिकायत मिलने पर आबकारी विभाग के निरीक्षक सत्य कुमार ने शराब के ठेके पर दबिश दी।
इस दौरान शराब के ठेके से पंजाब में बनी बीयर की 50 बेटियां बरामद की गई। इसके बाद विभाग के अधिकारी कोई कार्रवाई किए बिना बीयर की पेटियों को साथ ले गए। इस मामले में आबकारी विभाग के एईटीओ मनदीप ने बताया कि विभाग की टीम ने असंध में एक शराब के ठेके से करीब 50 बीयर की पेटियां पकड़ी है। जो पंजाब की है। इस बारे में रिपोर्ट बनाकर उच्च अधिकारियों को भेजी गई है। इसके बाद ही शराब ठेकेदार पर कार्रवाई की जाएगी।