- 10वीं की तीन मेधावी छात्राओं को कैश प्राइज देकर किया सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। नीलोखेड़ी के संधीर गांव को लिंगानुपात सुधार के लिए जिले का सर्वश्रेष्ठ गांव चुना गया है। यह जानकारी अतिरिक्त उपायुक्त यश जालुका ने दी। उन्होंने बताया कि लिंगानुपात में सुधार के लिए पीएनडीटी एक्ट के तहत सरकार द्वारा बेस्ट विलेज अवार्ड योजना चलाई गई है।
योजना के तहत लिंगानुपात में अव्वल रहने वाले गांव की उन छात्राओं को प्रोत्साहन राशि दी जाती है, जो 10वीं में टॉपर रहीं। इसके तहत संधीर गांव की 10वीं में टॉपर तीन छात्राओं को जिला सचिवालय सभागार में सम्मानित किया गया। अतिरिक्त उपायुक्त ने गांव की छात्रा सोनम को कक्षा 10वीं में प्रथम स्थान हासिल करने पर 75 हजार, सिमरन को दूसरा स्थान मिलने पर 45 हजार और पायल को तृतीय स्थान हासिल करने पर 30 हजार रुपये का चेक देकर सम्मानित किया। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग की ओर से गांव में नियुक्त किए गए स्टाफ को भी अतिरिक्त उपायुक्त ने लिंगानुपात में सुधार के लिए उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने के लिए प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया।
अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि बेस्ट विलेज अवार्ड योजना के तहत जिले के गांवों की जनवरी से दिसंबर तक के लिंगानुपात के आंकड़ों का आंकलन किया जाता है। 2024 में इस गांव में 22 लड़कों के मुकाबले 38 लड़कियों ने जन्म लिया था।