गांव भुखापुरी में पीने के पानी न मिलने पर गुस्साए ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को सुबह करीब साढे़ नौ बजे नीलोखेड़ी-ढांड रोड पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने सड़क किनारे खड़े पेड़ों को काटकर सड़क को दोनाें तरफ से सील कर दिया। जिससे देखते ही देखते दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे बुटाना थाना प्रभारी जल विभाग के अधिकारियों से बातचीत कर शाम तक पानी की सप्लाई चालू करवाने आश्वासन देकर जाम खुलवाया। गांव में पिछले तीन माह से पेयजल आपूर्ति न होने से परेशान ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को सड़क पर पेड़ काटकर सड़क को दोनों तरफ जाम कर दिया। गांव निवासी रोहताश, सुमेश, गुलाबी, सन्नी, रमेश, नरेश, सरोज, कुलदीप, सीमा, सुरेश, संतोष देवी, निर्मला, नीलम, बलविन्द्र, रानी, सोनू व गंगा देवी ने बताया कि उनके गांव की आबादी दो हजार से ऊपर है।
लेकिन गांव में जल विभाग द्वारा सिर्फ एक एक जल घर बनाया गया है। जो पिछले तीन माह से ट्यूबवेल खराब होने के चलतेे बंद पड़ा है। जिससे लोगों को पीने के पानी के भी भटकना पड़ा रहा है। गांव में पीने के पानी के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था भी नहीं है। उनका कहना है कि जल विभाग अधिकारी कई बार शिकायत करने के बाद भी उनकी समस्या का जायजा लेने नहीं पहुंचे। बुटाना थाना प्रभारी प्रशांत ने जल विभाग के एसडीओ से बात कर शाम तक ट्यूबवेल चालू करवाने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। वहीं ग्रामीणों ने भी समस्या का समाधान न होने पर फिर से जाम लगाने की चेतावनी दी है।