हलके के विधायक व भाजपा के जिलाध्यक्ष भगवान दास कबीर पंथी ने वीरवार को निगदू के मार्केट कमेटी कार्यालय में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी में ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के लिए खुला दरबार लगाया। इसमें ग्रामीणों ने समस्याओं को विधायक के समक्ष रखा। इस पर विधायक ने अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्याओं का जल्द से जल्द निपटान करने के आदेश दिए।
ग्रामीणों ने मौके पर बिजली, पानी, पंचायत कार्य, सड़कें और पेंशन के लिए समस्याएं रखीं। विधायक ने ग्रामीणों को कहा कि जिन लोगों का पुराना बिजली बिल बकाया है, वह 31 दिसंबर तक अपना बिल भर सकते हैं। कुछ समस्याओं का हलके के विधायक ने मौके पर ही निपटान कर दिया। उन्होंने कहा कि निगदू में बस स्टैंड व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के भवन के लिए जगह का एस्टीमेट हो गया है।
जल्द ही कार्य शुरू करवा दिया जाएगा। उन्होंनेे कहा कि निगदू पुलिस चौकी में पीसीआर के लिए पहले भी पुलिस विभाग से मांग की गई थी लेकिन अब जल्द से जल्द पीसीआर निगदू में तैनात की जाएगी। इस मौके पर नीलोखेड़ी के तहसीलदार राधेश्याम मित्तल, निगदू नायब तहसीलदार राजेंद्र रोहिला, राजपाल घोलपुरा, हैबतपुर गांव के सरपंच राजपाल, हिसम मैहला, मुकेश कुमार मौजूद रहे।
विधायक साहब! मेरा दो साल का राशन कहां गया
निगदू निवासी राजेंद्र कुमार ने विधायक के समक्ष कहा कि वह दो साल से डिपो होल्डर से राशन न मिलने के कारण चक्कर काट रहा था। जब उसने डिपो होल्डर को सीएम विंडो में शिकायत देने की बात कही तो डिपो होल्डर ने उसे एक माह का राशन दे दिया। राजेंद्र कुमार ने कहा कि विधायक साहब मेरा दो साल का राशन कहां गया? इस पर विधायक ने कहा कि इसके बारे में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों से रिकार्ड मांग कर जांच की जाएगी।
यदि डिपो होल्डर ने राशन बेचा है या नहीं दिया है तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त करवाई की जाएगी।