कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज के नए भवन का उद्घाटन 18 मार्च को शाम 4 बजे केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा करेंगे। वहीं, अध्यक्षता मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर करेंगे। यह जानकारी मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण करने पहुंचे चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव धनपत सिंह ने दी। उन्होंने उद्घाटन संबंधी तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी कार्य जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश दिये। कॉलेज के ओपीडी भवन में निरीक्षण करने पहुंचे एसीएस धनपत सिंह ने वहां मौजूद मरीजों से भी बातचीत की और उनकी समस्याओं को जाना। कई मरीजों ने नई व्यवस्था को अच्छा बताया तो कुछ ने लंबी लाइन और डॉक्टरों की जानकारी न मिलने की समस्या बताई। उन्होंने जल्द से जल्द अधिकारियों को सभी समस्याओं के निदान का निर्देश दिया। निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए एसीएस ने कहा कि उद्घाटन समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम में प्रदेश के स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान मंत्री अनिल विज, खाद्य एवं आपूर्ति राज्य मंत्री कर्णदेव काम्बोज, सांसद अश्विनी चौपड़ा, सीपीएस बख्शीश सिंह विर्क, हैफेड के चेयरमैन हरविन्द्र कल्याण और नीलोखेड़ी के विधायक भगवानदास कबीरपंथी भी शिरकत करेंगे। एसीएस ने बताया कि कल्पना चावला राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय करीब 50 एकड़ में बना है और इस पर लगभग 646 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। इस महाविद्यालय में 100 एमबीबीएस की सीटें रहेंगी, इस कॉलेज में इंडोर ब्लॉक में ग्राउंड फ्लोर सहित पांच तल रहेंगे और ओपीडी ब्लॉक में ग्राउंड फ्लोर सहित 5 तल रहेंगे, सभी ब्लॉक वातानुकूलित हैं तथा शुरू में मरीजों के लिए कॉलेज में 350 बेड़ होंगे और जल्द ही इसे 700 बेड़ का कर दिया जाएगा। कॉलेज और अस्पताल में करीब 55 सीनियर और 40 जूनियर डॉक्टर उपलब्ध होंगे और यह संख्या जल्द और बढ़ा दी जाएगी। साथ ही कॉलेज में आईसीयू, आईसीसीयू, आरआईसीयू, एनआईसीयू की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके अलावा कॉलेज में मॉडल लेबोरेट्री होगी और मरीजों के लिए एक्सरे, अल्ट्रासाउंड, सीटी स्कैन और एमआरआई जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। एसीएस के निरीक्षण के दौरान कॉलेज के निदेशक डॉ. सुरेन्द्र कश्यप, नगरनिगम के आयुक्त आदित्य दहिया, सीटीएम सुधांशु गौतम, डिप्टी मेडिकल सुप्रिडेंट डॉ. पीयूष शर्मा मौजूद रहे।
कॉलेज कैंपस होगा फ्री वाईफाई से लैस
मेडिकल कॉलेज के पूरे कैंपस को वाईफाई से लैस किया जा रहा है, जो लोगों के लिए फ्री में उपलब्ध होगी। एसीएस ने बताया कि कॉलेज का पूरा प्रांगण वाईफाई किया गया है और सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे तथा सुरक्षा गार्ड भी लगाए गए हैं। प्रत्येक तल पर अनाउसमेंट सिस्टम भी लगाया गया है और कॉलेज में ऑटोमेटिक फायर प्रोटेक्शन सिस्टम भी उपलब्ध है। दोनों ब्लॉकों को आपस में मरीजों की सुविधाओं के मद्देनजर जोड़ा गया है।