करनाल। शहर की एक कॉलोनी में 15 वर्षीय छात्रा के साथ छेड़खानी करने और उसका पीछा कर परेशान करने का मामला सामने आया है। छात्रा की मां ने पड़ोस में रहने वाले युवक अजय पर आते-जाते बेटी को परेशान करने और अभद्र बातें कहने का आरोप लगाया है। सदर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट की धारा 12 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
शिकायतकर्ता महिला के अनुसार, उसकी 15 वर्षीय बेटी एक निजी स्कूल में आठवीं कक्षा में पढ़ती है। पड़ोस में रहने वाला अजय छात्रा के आते-जाते समय उसका पीछा करता और उसे परेशान करता है। 14 अक्तूबर को वह काम पर गई हुई थी। जब वह घर लौटी तो बेटी रो रही थी। पूछने पर छात्रा ने बताया कि उस दिन अजय ने उसके साथ बदतमीजी की, अभद्र बातें कहीं और उसका पीछा किया। इसके बाद मां ने पुलिस से शिकायत कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
सदर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामले की जांच अधिकारी मीनू रानी के अनुसार, प्रथम दृष्टया पॉक्सो एक्ट की धारा 12 के तहत अपराध पाए जाने पर केस दर्ज किया गया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है। ब्यूरो