असंध। कस्बे के उपलाना गांव की बेटी नंदिनी कंवर ने जु-जित्सु खेल की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में दो कांस्य पदक जीते हैं। यह खिलाड़ी असंध की जेपीएस अकादमी में सातवीं कक्षा की छात्रा है। मंगलवार को अकादमी में पहुंचने पर छात्रा नंदिनी का फूल-मालाएं पहनाकर और पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया।
अकादमी के प्रधानाचार्य मोहन सिंह ने बताया कि यह प्रतियोगिता 20 से 22 दिसंबर को उत्तराखंड के हल्द्वानी में आयोजित हुई थी। उन्होंने बताया कि नंदिनी ने बेहतरीन प्रदर्शन कर अपने अभिभावकों, अकादमी और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। नंदिनी ने अपनी जीत का श्रेय अपने कोच तनुज शर्मा, अपने माता-पिता और प्रधानाचार्य को दिया है। उनका कहना है कि जु-जित्सु खेल की राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के लिए स्वर्ण पदक जीतने का उनका सपना है।
नंदिनी के पिता कंवर रवि प्रताप ने बताया कि इससे पहले भी नवंबर में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के दो इवेंट फाइट और नव़ाजा में नंदिनी ने स्वर्ण पदक जीतकर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया था। यशबीर राणा (कुकू), सुखबीर सिंह, नरेंद्र मास्टर, लीलू राणा, लक्ष्मण सिंह, पंकज जाटौली आदि मौजूद रहे।