करनाल। अमृतसर के वानी धन धन श्री गुरु रामदास महाराज के प्रकाश पर्व पर गुरुनानक सेवा जत्था मंजी साहिब गुरुद्वारा ने बाबा सुक्खा सिंह के मार्गदर्शन में धूमधाम से नगर कीर्तन निकाला। नगर कीर्तन गुरुद्वारा डेरा कारसेवा और गुरुद्वारा मंजी साहिब से शुरू हुआ। हेड ग्रंथी में सबसे पहले गुरु ग्रंथ साहिब का प्रकाश कर अरदास की गई।
नगर कीर्तन गुरुद्वारा मंजी साहिब पहली पातशाही से शुरू होकर कर्ण गेट, कमेटी चौक, सब्जी मंडी चौक कुंजपुरा रोड, अस्पताल चौक, निर्मल कुटिया कालड़ा मार्केट से अर्बन एस्टेट से होते हुए वापस डेरा कार सेवा पहुंचा। पालकी साहिब की अगुवाई पंज प्यारों ने की। शहर में जगह-जगह पुष्प वर्षा कर पालकी साहिब का स्वागत किया गया। नगर कीर्तन में विधायक जगमोहन आनंद, एचएसजीपीसी के पूर्व सदस्य गुलाब सिंह, गुरुपर्व प्रबंधक कमेटी के महासचिव इंद्रपाल सिंह, हरियाणा चेंबर ऑफ काॅमर्स के सचिव हरमीत सिंह हैप्पी ने गुरु की पलकी के आगे मत्था टेका। अतिथियों का सिरौपा पहनाकर स्वागत मंजी साहिब गुरुद्वारा के प्रधान रतन सिंह, सरपरस्त राजेंद्र मिड्ढा, प्रीत पाल सिंह रहेजा, सतिंदर सिंह, अमन मिड्ढा, अमृत पाल सिंह ने किया। रतन सिंह ने बताया 12 अक्तूबर को डेरा कार सेवा में गुरमति समागम सुबह 10 से 3 बजे तक होगा। गुरु का अटूट लंगर बरता जाएगा। इससे पहले गुरुद्वारा मंजीसाहिब में शाम छह बजे से समागम होगा।