करीब ढाई महीने पहले घरौंडा थाना क्षेत्र में बल्हेड़ा गांव के एक व्यक्ति की हत्या करने के आरोपी 25 हजार के ईनामी बदमाश इकराम उर्फ मच्छर को करनाल की सीआईए-2 टीम ने सोमवार की देर रात सोनीपत में गोहाना के भैंसवाल गांव के पास एक मुठभेड़ में मार गिराया है। एनकाउंटर के बाद उसके शव को पानीपत के जिला अस्पताल में रखा गया है। वहीं पुलिस कार्रवाई में जुटी है। मृतक को जानलेवा हमले के मामले में दस साल की सजा भी हो चुकी थी, लेकिन वह जमानत पर बाहर चल रहा था।
27 नवंबर को बल्हेड़ा गांव के मासूक अली पर दो बाइक सवारों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी, जब वह एक शादी समारोह से लौट रहा था। ग्रामीणों ने एक बाइक सवार को तो दौड़ा कर पकड़ लिया था लेकिन इकराम भाग गया था। इसके खिलाफ घरौंडा थाने में एफआईआर दर्ज है। पुलिस अधीक्षक गंगाराम पूनिया ने बताया कि पुलिस काफी दिनों से इकराम का पीछा कर रही थी। सीआईए-2 के प्रभारी सुरिंद्र सिद्धू की अगुवाई में टीम कुछ दिनों पहले बिजनौर भी गई थी, लेकिन आज इकराम की लोकेशन सोनीपत के गोहाना क्षेत्र में मिली थी। देर रात टीम ने उसकी घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही इकराम ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में इकराम ढेर हो गया है। 2015 में जानलेवा हमले के मामले में उसे 10 साल की सजा भी हो चुकी थी, लेकिन 2018 में अपील में चला गया था। इसके बाद उसका नाम माशूक अली की हत्या में आया। सीआईए टीम प्रभारी ने बताया कि इकराम पर 25 हजार का ईनाम भी घोषित था।