सोनीपत के भैंसवाला गांव के नजदीक करनाल की सीआईए-टू ने जिस इनामी बदमाश इकराम उर्फ मच्छर को मुठभेड़ में मार गिराया है, वह कई दिनों में यूपी के बिजनौर समेत विभिन्न जिलों में छिपा हुआ था। सीआईए भी अपने नेटवर्क के बूते लगातार इस इनामी बदमाश को ट्रेस कर रही थी। सूत्रों ने बताया कि यूपी में यह बदमाश अपने जानकारों के घरों में शरण लिए हुए था। बदमाश इकराम लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था। मगर सोमवार देररात इस बदमाश की लोकेशन सोनीपत के गांव भैंसवाला के नजदीक पाई गई। इकराम का पीछा कर रही सीआईए की टीम ने भी इस बदमाश को यहीं राउंडअप करने की कोशिश की। मगर पुलिस और इकराम के बीच हुई मुठभेड़ में इकराम पुलिस की गोली का शिकार हो गया। सूत्रों ने बताया कि पुलिस की गोली इकराम की छाती और पेट में लगी है। बदमाश को ढेर करने के बाद सीआईए की टीम उसका शव लेकर पानीपत सिविल अस्तपाल पहुंची और वहां पोस्टमार्टम के लिए रखवाकर रवाना हो गई।
पीड़ित परिजनों के प्रदर्शन के बाद दबाव में थी करनाल पुलिस
वर्ष 2015 में दर्ज हुए हत्या के प्रयास संबंधी केस में भले ही इकराम उर्फ मच्छर जमानत पर बाहर चल रहा था। मगर करनाल के घरौंडा कस्बा स्थित बल्हेड़ा गांव में माशूक अली की हत्या के मामले वे नामजद थी। करनाल पुलिस को इसी हत्या के मामले में इकराम की तलाश थी। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए मृतक माशूक अली के परिजनाें ने काफी संख्या में ग्रामीणों के साथ 2 फरवरी को लघु सचिवालय स्थित एसपी करनाल कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया था। एक प्रतिनिधिमंडल ने एसपी गंगाराम पूनिया ने मिलकर न केवल इस मामले में इकराम उर्फ मच्छर समेत अन्य आरोपियों की जल्द की मांग की थी, बल्कि आरोपियों से माशूक अली के परिजनों का जान का खतरा भी बताया था। प्रदर्शन के दौरान पीड़ितों ने साफ कहा था कि यदि पुलिस ने आरोपियों को जल्द नहीं पकड़ा तो वे मुख्यमंत्री के समक्ष जाकर रोष जाहिर करेंगे। इस प्रदर्शन के बाद से ही करनाल पुलिस पर लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर दबाव बढ़ता जा रहा था। एसपी गंगाराम पूनिया इस मामले की जांच सीआईए-टू को सौंपी हुई थी। तभी से सीआईए अपने नेटवर्क के बूते इकराम उर्फ मच्छर की तलाश में यूपी के विभिन्न शहरों में दबिश दे रही थी।
इकराम की तलाश में हमारी टीमें लगातार उसका पीछा कर रही थी। कई जगह उसकी लोकेशन को ट्रेस किया जा रहा था। पिछले दिनों मृतक माशूक अली के परिजन भी उनसे मिले थे। इस हत्या के मामले में भी इकराम पर केस दर्ज है। गोहाना के पास हमारी टीम ने जब राउंड अप किया तो मुठभेड़ में इकराम को मार गिराया गया।
-गंगाराम पूनिया, एसपी करनाल।