माई सिटी रिपोर्टर
करनाल/घरौंडा। घरौंडा थाना क्षेत्र की भोला कॉलोनी में ऑटो रिक्शा चालक नीरज के घर में घुसकर तीन सूदखोर एलईडी व दो मोबाइल फोन ले गए। आरोप है कि सूदखोरों का अधिकतर कर्ज चुकाने के बाद भी लगातार दबाव, धमकियों और अवैध वसूली की कोशिश की जा रही है। घर में नीरज नहीं थे। उनकी पत्नी को जान से मारने व ऑटो रिक्शा छीनने की भी धमकी दी गई।
नीरज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि उसने घरेलू जरूरतों के लिए तीन जगह से ऋण लिया था। कैमला रोड वाले फाइनेंसर से 30 हजार रुपये, घरौंडा रेलवे रोड वाले फाइनेंसर से 61 हजार रुपये और यहीं के तीसरे फाइनेंसर से 50 हजार रुपये लिए थे। अब तक वह कैमला रोड वाले फाइनेंसर के 26 हजार रुपये, रेलवे रोड वाले फाइनेंसर को 67700 रुपये और तीसरे फाइनेंसर को 38 हजार रुपये ऑनलाइन दे चुके हैं।
वह वीरवार को दवा लेने फरीदाबाद गए थे, तभी पीछे से आरोपी उनके घर पहुंचे और पत्नी डोली को धमकाते हुए कहा कि बाकी पैसे नहीं दिए तो ऑटो भी छीन ले जाएंगे। परिवार को लगातार फोन कर भी परेशान किया जा रहा है। सूदखोरों के पास उनके सेंट्रल बैंक के दो चेक भी हैं इन्हें भी वापस नहीं किया जा रहा। घरौंडा थाना के जांच अधिकारी रमेश का कहना है कि शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों को जल्द काबू किया जाएगा।