102... असंध गोशाला में चेक प्रदान करते विधायक योगेंद्र राणा। सूचना विभाग
असंध। हरियाणा सरकार की ओर से प्रदेश की गोशालाओं के सुगम संचालन के लिए सहयोग राशि के चेक वितरित किए गए। इसी कड़ी में विधायक योगेंद्र राणा के विशेष प्रयासों से असंध विधानसभा क्षेत्र की गोशालाओं को एक करोड़ से भी अधिक की राशि प्रदान की गई है। इसी संदर्भ में विधायक योगेंद्र राणा ने सोमवार को गांव मूनक, बल्ला और चोचड़ा की गोशाला को 32 लाख 40 हजार 270 रुपये की राशि के चेक वितरित किए। विधायक ने गांव मूनक की गोशाला में 8 लाख 28 हजार रुपये, बल्ला में 8 लाख 28 हजार रुपये और चोचड़ा में 15 लाख 84 हजार 270 रुपये की राशि के चेक वितरित किए हैं। दरअसल, पूरे हरियाणा में गोशालाओं के लिए मुख्यमंत्री की ओर से 88 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया था। संवाद
निर्धारित समय पर पूरा किया जाए अस्पताल भवन का निर्माण : विधायक
असंध। विधायक योगेंद्र राणा ने सोमवार को उपमंडल नागरिक अस्पताल असंध में 100 बेड के नए अस्पताल भवन के निर्माण को लेकर संबंधित उपमंडल अधिकारियों की बैठक ली।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य जल्द से शुरू किया जाए और निर्धारित समय में पूरा किया जाए। अस्पताल के नए भवन के निर्माण कार्यों के दौरान मरीजों के लिए वैकल्पिक जगह का भी चयन किया जाए। उन्होंने कहा कि नया 100 बेड का अस्पताल बनने से असंध क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगीं। इस अवसर पर एसएमओ डॉ़ जयपाल चहल, एसडीओ लोक निर्माण विभाग संजीव कुमार, मार्केट कमेटी सचिव कृष्ण धनखड़ और एमई नगरपालिका अशोक कुमार, ठेकेदार सुनील कुमार मौजूद रहे। संवाद