संवाद न्यूज एजेंसी
असंध। विकास कार्याें को लेकर विधायक योगेंद्र राणा ने वीरवार को नगर पालिका कार्यालय में शहर के पार्षदों के साथ बैठक की। इस दौरान प्रत्येक वार्ड में चल रहे विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान विधायक सालवन रोड पर प्रस्तावित स्टेडियम के एस्टीमेट भेजने में देरी पर भड़क गए। उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाई। इसके बाद विधायक ने तीन दिन के अंदर संबंधित अधिकारियों से जवाब मांगा। विधायक ने पार्षदों की ओर से उठाई गई स्थानीय समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि आमजन से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा, ताकि लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सके।
वहीं पार्षद संदेश जिंदल ने मलिकपुर रोड पर स्ट्रीट लाइट, मकान के नक्शे पोर्टल न चलने पर ऑफलाइन व अवैध कॉलोनियों को सुविधा देने की मांग रखी। पार्षद सीमांत शर्मा ने कहा की बड़ी गलियों का टुकड़ों में न कर कर एक बार ही टेंडर कर बनाया जाए ताकि गली की मजबूत बने सकें। इसके अलावा पार्षदों ने गलियों को पक्का करने व दुरुस्त करने की मांग के साथ पार्कों में बच्चों के लिए झूले, ट्री गार्ड, वार्डों के लिए बेंचों के साथ काॅलेज के पास तालाब के सुंदरीकरण पर चर्चा की।
असंध को सुंदर बनाना लक्ष्य
विधायक योगेंद्र राणा ने कहा कि हमारा लक्ष्य असंध को एक स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक शहर बनाना है। इसके लिए उन्होंने अधिकारियों और पार्षदों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि विकास की गति बाधित न हो और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्ति तक समय पर पहुंचे। उन्होंने कहा की बैठक में नगर के विकास को लेकर सकारात्मक और रचनात्मक चर्चा हुई, जिससे आने वाले समय में असंध के विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई गई। मौके पर चेयरपर्सन सुनीता अरड़ाना, वाइस चेयरमेन रजेद्र ढींगड़ा, पार्षद जगदीश गुप्ता, मनोनीत पार्षद सतीश वर्मा, विक्की जुनेजा, आजाद, ममता रानी, रजनी, राजेंदर, चरणजीत कौर आदि पार्षद मौजूद रहे।