इंद्री। करनाल राजमार्ग पर गांव नौरता के पास शुक्रवार की रात को बजरी से भरे ट्रक के आगे स्कॉर्पियो कार अड़ाकर बदमाशों ने ट्रक को रुकवाया। आरोपियों ने चालक जगाधरी निवासी मतलूब से मारपीट करके उसका ट्रक और मोबाइल लूट लिया। पीड़ित की शिकायत पर इंद्री थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित मतलूब ने बताया कि वह रेत-बजरी का काम करता है। शुक्रवार रात को वह ट्रक में बजरी लोड करके पौंटा साहिब से करनाल के लिए चला था। जब वह नौरता गांव से थोड़ा आगे पहुंचा तो बिना नंबर की काली स्कार्पियों में आए बदमाशों ने उनके ट्रक के आगे कार अड़ाकर उन्हें रोका। बदमाशों ने ट्रक और उसका मोबाइल लूट लिया और मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की। इंद्री थाना के जांच अधिकारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। इंद्री राजमार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। जल्द आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा। संवाद