करनाल। शिक्षण कार्य के दौरान शिक्षकों को क्या परेशानी आती है और इससे संबंधित खामियों को कैसे दूर किया जा सकता है। इसे लेकर शिक्षा विभाग शिक्षकों से सुझाव लेगा। साथ ही, नई शिक्षा नीति पर ज्ञान भी दिया जाएगा। विभाग ने शेड्यूल जारी किया है। इसके तहत सभी स्नातकोत्तर शिक्षक (पीजीटी) और प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) अध्यापकों को ज्ञान दिया जाएगा ताकि वो अपने-अपने विषय में माहिर हो सकें।
इस अभियान के तहत शिक्षकों को बच्चों को शिक्षित करने और विषय से जुड़ी मुख्य बातों पर मंथन होगा। इस दौरान शिक्षकों से यह भी पूछा जाएगा कि उन्हें शिक्षण कार्य के दौरान किन परेशानियों का सामना करना पड़ता है और वो इन खामियों को दूर करने के लिए किस प्रकार का सुधार चाहते हैं। पीजीटी और टीजीटी शिक्षकों को उनके मूल शैक्षणिक विषयों जैसे, हिंदी, पंजाबी, संस्कृत, गणित, अंग्रेजी सहित अन्य संकाय में माहिर करने के लिए प्रशिक्षण शुरु कर दिया गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी रोहताश वर्मा ने बताया कि डाइट में प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया जाएगा। अभी तिथि तय नहीं की है। इस प्रकार के आयोजन शिक्षकों को ज्ञान प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विशेषज्ञों द्वारा उन्हें वो बारीकियां समझाई जाती हैं जोकि शिक्षण के दौरान बच्चों की प्रतिभा को निखारने में अहम योगदान देती हैं।