करनाल। जीटी रोड पर मंगलवार रात को बिना लाइट और इंडिकेटर के खड़े कैंटर से दूध से भरा टैंकर पीछे से टकरा गया। टैंकर चालक पंचकूला के घाटीवाला निवासी संजय राजपूत केबिन के अंदर बुरी तरह फंस गया। राहगीरों और पुलिस की मदद से उसे बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी जान नहीं बच सकी। वह मोहाली से दिल्ली दूध लेकर जा रहा था। उसके साथी जसबीर की शिकायत पर बुटाना थाना पुलिस ने अज्ञात कैंटर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के गुलरिया निवासी जसबीर ने पुलिस को बताया कि वह मोहाली की वेरका दूध कंपनी के फेस-6 प्लांट में मजदूरी करता है। संजय राजपूत कैंटर पर चालक था। 17 नवंबर की रात करीब साढ़े नौ से दस बजे दोनों मोहाली से कैंटर में दूध लोड कर दिल्ली के महिपालपुर के लिए निकले थे। रात करीब साढ़े 11 बजे जब वे समानाबाहु से आगे कुरुक्षेत्र-करनाल रोड पर खली ढाबे के सामने पहुंचे तो जीटी रोड की पहली लेन में एक कैंटर खड़ा था। आरोप है कि कैंटर चालक ने न तो इंडिकेटर चलाया हुआ था और न ही कोई लाइट जलाई थी।
इसी दौरान उनका दूध से भरा कैंटर पीछे से खड़े कैंटर में जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि संजय चालक सीट के पास केबिन के बीच में फंस गया। वे स्वयं बाल-बाल बचे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। क्रेन और राहगीरों की मदद से संजय को केबिन से बाहर निकाला गया और सरकारी एंबुलेंस से नीलोखेड़ी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे करनाल के कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां से जसबीर उसे बेहतर इलाज के लिए पीजीआई रोहतक ले गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बुटाना थाना प्रभारी विपिन कुमार के अनुसार, हादसे के बाद मृतक के परिजन के नहीं पहुंचने और प्रत्यक्षदर्शी का पता नहीं चलने के कारण तत्काल कार्रवाई नहीं हो सकी थी।