फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मरम्मत के लिए फंड नहीं तो क्यों लेते हो टोल टैक्स

Sat, 13 May 2017 12:18 AM IST
ब्यूरो/करनाल,अमर उजाला
विज्ञापन
meeting - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विकास भवन में शुक्रवार को जिला सड़क सुरक्षा कमेटी और जिला सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी की बैठक में सड़क सुरक्षा को लेकर डीसी मनदीप सिंह बराड़ काफी सख्त नजर आए। उन्होंने बैठक के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर-1 पर बढ़ती दुर्घटनाओं पर रोक लगाने में नाकाम होने पर एनएसएआई और सोमा कंपनी के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। साथ ही कहा कि आप लोगों की वजह से आम जनता का जीवन खतरे में है, यहां तक कि कई लोग सड़क दुर्घटना में अपनी जान भी गंवा चुके हैं, अगर आपने कार्य प्रणाली में जल्द से जल्द सुधार नहीं किया तो आपके खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी। इतना ही नहीं, सोमा कंपनी के अधिकारियों की शिकायत नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया के चेयरमैन को भी की जाएगी।
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि जब आपके पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर एंट्री और एग्जिट मार्गों को अलग-अलग करने तथा मरम्मत कार्यों के लिए फंड नहीं है तो जनता से टोल क्यों लेते हो? डीसी ने जवाब तलबी करते हुए कहा कि एनएचएआई और सोमा के अधिकारी बताएं कि इन अवैध कटों को कब तक बंद कर दिया जाएगा और प्रवेश और निकासी के रास्ते कब दुरुस्त होंगे?

उन्होंने सोमा कंपनी के अधिकारियों को कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर एंट्री और एग्जिट प्वाइंटों के निर्माण कार्यों में तेजी लाएं। आगामी एक सप्ताह के अंदर कंपनी की ओर से क्या-क्या कार्य करवाना सुनिश्चित करेंगे और इस बारे में लिखित में दें। डीसी मंदीप सिंह बराड़ ने बैठक में बिना सूचना के अनुपस्थित रहने पर जिला वन अधिकारी तथा जिला शिक्षा अधिकारी के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने के लिए आरटीए प्रद्युमन को निर्देश दिए। इस मौके पर नगरनिगम आयुक्त डा. आदित्य दहिया, करनाल के एसडीएम योगेश कुमार, घरौंडा की एसडीएम वर्षा खांगवाल, इंद्री के एसडीएम अश्विनी मलिक, असंध के एसडीएम अनुराग ढालिया, नगराधीश डा. सुशील मलिक, डीएसपी राजकुमार, नेशनल हाईवे की ओर से राजीव कुमार, सोमा कम्पनी के सन्नी, ओम सेवा संस्थान के अध्यक्ष सुशील आर्य, समाजसेवी जेआर कालड़ा, एलआर चौधरी व विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन


अनाधिकृत कट कराए बंद : आयुक्त
बैठक में नगरनिगम आयुक्त ने बताया कि शहरी यातायात को नियमित रूप से संचालन के लिए अनाधिकृत कट लगभग बंद करवा दिए हैं तथा लाइटें भी लगवाई गई हैं। शहर की अंदर की मुख्य सड़कों, कॉलोनियों में मुख्य स्थानों पर निर्देश पट्टी लगवाई जा चुकी है। उपायुक्त ने नगरनिगम के आयुक्त को निर्देश दिए कि वे कुंजपुरा रोड पर भी ट्रैफिक व्यवस्था को ठीक करवाएं, इसके लिए व्यापार मंडल, ट्रैफिक पुलिस, सिटीजन ग्रिवेंसिज कमेटी के सदस्यों की एक संयुक्त बैठक बुलाएं। इसी प्रकार, मार्केटिंग बोर्ड के अधिकारी ने बताया कि गांव ठरी से फफड़ाना तक की सड़क की मरम्मत कार्य के लिए टेंडर लगवाए जा चुके हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें