यमुनानगर। बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए आयोजित होने वाली अमरनाथ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिल रहा है। यात्रा पर जाने की तैयारी में जुटे शिवभक्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। हालांकि इस उत्साह के बीच मेडिकल जांच की अनिवार्यता श्रद्धालुओं के लिए परेशानी का कारण बनती जा रही है। अमरनाथ यात्रा पर जाने से पहले सभी श्रद्धालुओं के लिए स्वास्थ्य परीक्षण अनिवार्य है।
इसी के चलते जिला के अस्पतालों में इन दिनों भारी भीड़ उमड़ रही है। हालात यह हैं कि रोजाना 150 से 200 लोग मेडिकल करवाने के लिए अस्पताल पहुंच रहे हैं। लंबी कतारों और सीमित संसाधनों के कारण लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। श्रद्धालुओं का कहना है कि मेडिकल प्रक्रिया काफी जटिल और समय लेने वाली हो गई है। अलग-अलग डॉक्टरों से जांच करवाने के लिए उन्हें अस्पताल के विभिन्न विभागों में चक्कर लगाने पड़ते हैं। स्थिति ऐसी बन रही है कि कुछ श्रद्धालुओं को अपना मेडिकल कराने के लिए अगले दिन भी दोबारा आना पड़ रहा है।
श्रद्धालु पंकज, धर्मवीर और हरीश ने बताया कि उन्हें हर वर्ष अमरनाथ यात्रा का बेसब्री से इंतजार रहता है लेकिन इस बार मेडिकल प्रक्रिया ने उनकी परेशानी बढ़ा दी है। उन्होंने कहा कि कभी सिविल सर्जन कार्यालय तो कभी अस्पताल के अलग-अलग कमरों में जाकर जांच करवानी पड़ रही है। श्रद्धालुओं ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि सभी संबंधित डॉक्टरों की व्यवस्था एक ही स्थाना पर की जाए, ताकि जांच प्रक्रिया जल्दी और सुगम हो सके।