संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। राष्ट्रीय खेलों में पदक विजेता 21 मई को रोहतक में होने वाले राज्यस्तरीय सम्मान समारोह में सम्मानित होंगे। इस कार्यक्रम में उन खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा जिन्होंने उत्तराखंड में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों में प्रतिभाग कर स्वर्ण, रजत व कांस्य पदक जीता है। इसमें करनाल के करीब 23 खिलाड़ियों का नाम शामिल है।
कार्यक्रम में स्वर्ण पदक विजेताओं को सात लाख, रजत विजेताओं को पांच लाख और कांस्य विजेताओं चार लाख कैश अवार्ड मिलेगा। वहीं प्रतिभागी खिलाड़ियों को 50-50 हजार रुपये का नकद इनाम मिलेगा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी होंगे मुख्य अतिथि होंगे। वहीं खेल मंत्री गौरव गौतम विशिष्ट अतिथि के तौर पर शिरकत करेंगे।
कार्यक्रम में प्रदेशभर से करीब 400 खिलाड़ी शामिल होंगे। वहीं प्रदेशभर के पदक विजेताओं की बात करें तो उसमें 48 स्वर्ण, 47 रजत और 58 कांस्य कुल 153 पदक विजेता शामिल होंगे। पदक विजेता खिलाड़ियों को 38 करोड़ 27 लाख रुपये नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
कर्ण स्टेडियम के यह खिलाड़ी होंगे सम्मानित
साइकिलिंग के अंशु देवी, कुश्ती की टीना पुनिया, नौकायन की रोइंग स्पर्धा से कुलबीर, कैनोइंग से मीनाक्षी, रविंद्र कुमार, तनीक्षा खत्री, संगीता, वुशु खेल से अंजलि देवी, दीक्षा व तलवारबाजी खेल की निखिल गोदारा, अभिषेक, एथलेटिक्स 400 मीटर दौड़ के खिलाड़ी अतुल व अमन, हॉकी से सचिन, जसबीर सिंह, वॉलीबाल से अमन कुमार, रोहित कुमार, शुभम चौधरी, शूटिंग में रईजा ढिल्लो व अनीश बनवाला का नाम शामिल है।