संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। राष्ट्रीय डेंगू दिवस के अवसर पर शुक्रवार को चैक, क्लीन व कवर-स्टेप्स टू डिफीट डेंगू विषय पर व्यापक जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू के बारे में जनता में जागरूकता फैलाने के लिए स्कूलों में पेंटिंग और स्लोगन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया।
उप-सिविल सर्जन डॉ. अन्नु शर्मा ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने गांवों और शहर में डेंगू की रोकथाम व बचाव के लिए जनता से सहयोग की अपील की और घरों में जाकर, जनता को डेंगू से बचाव व रोकथाम के बारे में जानकारी दी। डॉ. अन्नु ने बताया कि जिले के सभी उप-मंडल अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र व शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य पर भी राष्ट्रीय डेंगू दिवस मनाया गया।
वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारियों, चिकित्सा अधिकारियों व स्वास्थ्य कर्मियों ने आम जनता को डेंगू के बारे में बचाव व उपायों के बारे में बचाव व उपायों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे छतों पर बेकार पड़े खाली बर्तनों टायरों, ट्यूबो, डिब्बों, गमलों और अन्य पानी के स्त्रोतों से पानी निकलवा दें और उन्हें उल्टा करके रखें ताकि उनमें पानी जमा न हो पाए।
उन्होंने खाली पड़े टायरों में सुराख करने और घरों के आसपास पानी खड़ा न होने देने का भी आग्रह किया। डॉ अन्नु शर्मा ने यह भी सलाह दी कि यदि किसी कारणवश पानी की निकासी संभव न हो, तो उसमें थोड़ा मिट्टी का तेल, काला तेल या डीजल डाल दें ताकि मच्छर का लार्वा न पनप पाए।