माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। नगर निगम कार्यालय में सोमवार को आयोजित जनसुनवाई के दौरान शहरवासियों ने मेयर से शिकायत करते हुए बताया कि शहर में किधर भी प्रवेश करें, हर जगह गड्ढों से ही स्वागत होता है। इस पर मेयर रेनू बाला गुप्ता ने अधिकारियों को गड्ढों को जल्द से जल्द भरने के निर्देश दिए।
इसके अलावा लोगों ने सीवरेज जाम, जलापूर्ति, स्ट्रीट लाइट खराब होने और प्रॉपर्टी आईडी से जुड़ी समस्याएं भी मेयर के समक्ष रखीं। मेयर ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए। जनसुनवाई में पहुंचे लोगों ने बताया कि कई स्थानों पर सड़कों की हालत खराब है और गड्ढों के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। कुछ क्षेत्रों के निवासियों ने सीवरेज जाम और बरसाती पानी की निकासी नहीं होने की भी समस्या उठाई। इसके अलावा जलापूर्ति में अनियमितता और कई जगहों पर स्ट्रीट लाइट बंद होने की शिकायतें भी सामने आईं। मेयर रेनू बाला ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर निपटान करने के निर्देश दिए।
प्रॉपर्टी आईडी में डाटा दुरुस्त करने के निर्देश
जनसुनवाई के दौरान प्रॉपर्टी आईडी में डाटा संबंधी त्रुटियों की शिकायतें पर मेयर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रॉपर्टी आईडी का डाटा जल्द से जल्द दुरुस्त किया जाए और किसी भी आपत्ति को आरटीएस (राइट टू सर्विस) की समय सीमा से बाहर न जाने दिया जाए। इस दौरान मेयर ने शहरवासियों से स्वच्छता अभियान में सहयोग करने की भी अपील की।
-
जनसुनवाई में प्रमुख शिकायतें
- सड़कों में गड्ढे और उखड़ी हुई
- सीवरेज जाम और जलभराव
- जलापूर्ति में अनियमितता
- स्ट्रीट लाइट खराब
- प्रॉपर्टी आईडी में डाटा त्रुटियां