संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। छठी नेशनल मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप में करनाल के मास्टर्स एथलीटों ने अभी तक तीन स्वर्ण, एक रजत व तीन कांस्य पदक जीत लिए हैं। केरल के जीएमएचएस स्टेडियम कुन्नामकुलम स्टेडियम में आयोजित इस प्रतियोगिता में हरियाणा के 128 मास्टर्स एथलीट भाग ले रहे हैं, इनमें से करनाल के 29 एथलीट हैं।
यह प्रतियोगिता 31 जनवरी से तीन फरवरी तक आयोजित की जाएगी। इसमें सभी एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं होंगी। प्रतियोगिता में घोघड़ीपुर निवासी बिजली बोर्ड से सेवानिवृत्त धर्म सिंह ने 400 मीटर में स्वर्ण पदक जीता है। नरू खेड़ी के श्याम सिंह नरवाल ने शॉटपुट में स्वर्ण पदक जीता है। वहीं शिक्षा विभाग की सहायक शिक्षा अधिकारी खेल ने भी शॉटपुट में स्वर्ण पदक जीता है। मदनपुर निवासी सेवानिवृत्त सब इंस्पेक्टर महावीर सिंह कश्यप ने पांच किलोमीटर की वॉक रेस में रजत पदक जीता है।
महासचिव मास्टर्स एथलीट महावीर सिंह तालियान ने कांस्य पदक जीता है। उन्होंने यह पदक 72 आयु वर्ग की ऊंची कूद स्पर्धा में जीता है। बिंदर सिंह ने भी ऊंची कूद में कांस्य पदक पाया है। वहीं रामगोपाल सेवानिवृत्त सब इंस्पेक्टर ने शॉटपुट में कांस्य पदक जीता है। इस प्रतियोगिता में अभी तक करनाल के मास्टर्स एथलीटों ने तीन स्वर्ण, एक रजत व तीन कांस्य पदक जीत लिया है।