करनाल-यमुनानगर स्टेट हाईवे पर गांव बढे़डी के समीप लुटेरों ने बाइक
सवारों से मारपीट कर बाइक और नकदी लूट ली। बाइक लूटकर कर लुटेरों लाडवा की
ओर भाग निकले।
घटना के बाद पीड़ित ने मामले की जानकारी थाना इंद्री पुलिस
को दी। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव कलसौरा
निवासी संदीप कुमार ने बताया कि करीब दो बजे इंद्री से बाइक पर सवार होकर
अपने साथी रविश के साथ लाडवा जा रहा था। उसके पास 30 हजार रुपये की नकदी
थी।
जैसे ही बाइक गांव बढे़डी के समीप पहुंची तो पीछे से पल्सर बाइक सवार
तीन युवकों ने लात मारकर बाइक गिरा दी। तीनों युवकों ने मुंह पर कपड़ा
बांधा था। इन लोगों ने मारपीट शुरू कर दी और बाइक छीनकर लाडवा की ओर फरार
हो गए। बाइक की डिग्गी में 30 हजार रुपये की नकदी थी। उन्होंने इस दौरान
शोर मचाया, परंतु किसी ने उनकी मदद नहीं की। संदीप कुमार का कहना है कि
उनकी बाइक को एक युवक लाडवा की ओर ले गया जबकि पलसर सवार दो युवक इंद्री की
तरफ चले गए।
मामले की शिकायत थाना इंद्री पुलिस को दी गई। संदीप ने बताया
कि वह इंद्री में बाइक का मिस्त्री है और लाडवा में बाइक का सामान लेने जा
रहा था। लाडवा जाने के लिए अपने दोस्त सलिंद्र की बाइक मांगी तो सलिंद्र ने
उसे 30 हजार रुपये की दी और लाडवा में बलिंद को देने की बात कही।
इस
मामले में जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर बृजभान ने बताया कि बाइक और नकदी
लूटने की शिकायत मिली है। इस मामले में पूछताछ की जा रही है। मामले की
निष्पक्ष जांच की जाएगी।