धान के सीजन में असंध की नई अनाज मंडी में डीसी रेट पर 12 लोगों को बिना किसी बजट के सिक्योरिटी गार्ड लगाने का मामला सामने आया है। इन सभी को मार्केट कमेटी सचिव द्वारा धान के सीजन में ढाई महीने तक के लिए लगाया गया था, लेकिन सीजन समाप्त होने के बावजूद भी इन लोगों को उनको वेतन नहीं मिला है। युवकों का कहना है जब वे पैसे लेने के लिए मार्केट कमेटी सचिव के पास जाते हैं तो हैं, अभी बजट नहीं आया है, जब बजट आएगा तो आपके पैसे दे दिए जाएंगे।
यहां पर बड़ा सवाल ये है कि जब मार्केट कमेटी के पास बजट ही नहीं था तो बिना बजट के कमेटी ने लोगों को मजदूरी पर क्यों रखा? युवकों का यह भी कहना है कि नौकरी पर रखते समय कहा गया था कि हर माह वेतन दिया जाएगा। असंध मार्केट कमेटी द्वारा धान के सीजन में सिक्योरिटी गार्ड के काम के लिए डीसी रेट पर 12 लोगों जयदीप, गुलशन, सत्यवान, सुनील, राहुल, सचिन, अमित, अक्षय, बजिंद्र, अमरजीत, रणधीर व गुलशन आदि को लगाया गया। लेकिन जब उन्हें मानदेय देने की बारी आई तो कमेटी के सचिव व अन्य अधिकारियों ने उन्हें आंखें दिखाना शुरू कर दी।
डीसी रेट पर लगाए गए इन कर्मचारियों का कहना है कि जब मार्केट कमेटी के पास बजट नहीं था तो उन्हें काम पर क्यों लगाया गया? लेकिन कमेटी हमारे ढाई महीने के काम के रुपये नहीं दे रही है, जिससे हमारे परिवार को काफी परेशानी हो रही है। उन्होंने सरकार व प्रशासन से सभी लोगों के पैसे दिलवाने की मांग की है। उन्होंने दावा किया कि मार्केट कमेटी के विश्वसत लोगों से ही पता लगा है कि बजट आ चुका है लेकिन वो बजट कहां प्रयोग किया गया ये जांच का विषय है। उन्होंने इस मामले की गहनता से जांच करने की भी मांग की है।
जब बजट आएगा तो उनके पैसे दे दिए जाएंगे : सचिव
इस मामले में जब असंध मार्केट कमेटी के सचिव कृष्ण धनखड़ में बात की गई तो उन्होंने कहा कि उनके पास अभी बजट नहीं है। बजट पास करवाने के लिए भेजा गया है, जब बजट आएगा तो उनके पैसे दे दिए जाएंगे। बिना बजट के किसी को नहीं लगाया गया था, बजट कम हो जाने से ये परेशानी हुई।
जल्द दिलवा दिया जाएगा वेतन
अभी मामले की जानकारी नहीं है। इसकी जांच की जाएगी और जल्द से जल्द सभी लोगों को उनका मानदेय दे दिया जाएगा। - सुशील मलिक, एसडीएम