करनाल। कंबोपुरा गांव में विवाद में 56 वर्षीय राजपाल की मौत हो गई। राजपाल शुक्रवार सुबह स्कूटर से जा रहे बेटे कमल पर डंडे से हमला करने के विवाद में परिजन के साथ हमले के आरोपी के घर शिकायत करने गए थे। वहां दोनों पक्षों में हाथापाई शुरू हो गई। इसी दौरान राजपाल की तबीयत बिगड़ी और उनकी मौत हो गई।
राजपाल के बेटे कमल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि शुक्रवार सुबह वह गली में सामान लेने के लिए स्कूटर से जा रहा था। आरोप है कि रास्ते में अक्षय नाम का युवक अपनी बैठक से बाहर आया और डंडे से उस पर हमला कर दिया। डंडा सिर में लगने से वह घायल हो गया। सिर से खून निकलने लगा। स्कूटी भी क्षतिग्रस्त हो गई।
कमल ने इस बारे में पिता राजपाल को जानकारी दी। इस पर उसके माता-पिता, चाचा और अन्य परिजन आरोपी के घर पहुंचे। वहां कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में हाथापाई और मारपीट शुरू हो गई। मारपीट के बीच अचानक राजपाल की तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें संभाल पाते, इससे पहले ही उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी मौके से भाग गए। सूचना मिलने पर मधुबन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मधुबन थाना प्रभारी के लखविंदर के अनुसार, 15 लोगों पर शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। सीसीटीवी देखे जा रहे हैं। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। शव के पोस्टमार्टम की वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर ही कहा जा सकता है कि मौत कैसे हुई।
पुराने विवाद में गवाह बनने पर रंजिश
कमल ने आरोप लगाया कि गांव में रविवार को हुई लड़ाई के मामले में वह और उसके परिवार के कुछ लोग गवाह थे। इसी बात पर दूसरे पक्ष के लोग उनसे रंजिश रखने लगे थे। दूसरा पक्ष उन्हें लगातार धमकी दे रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी एक नगर पार्षद के साथ रहता है।