करनाल। अनाज मंडी तरावड़ी में आढ़ती मदन लाल से करीब 6.50 लाख रुपये के चावल लेकर भुगतान नहीं करने के आरोपी को दो माह बाद पुलिस ने मोहाली से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मनीष गर्ग ने तीन दिन में भुगतान का आश्वासन दिया था। इसके बाद से वह मिल नहीं रहा था। पुलिस के अनुसार वह बचने के लिए बार-बार लोकेशन बदल रहा था। जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले भी इस तरह से ठगी कर चुका है। पुलिस ने आरोपी से एक लाख रुपये बरामद किए हैं।
आढ़ती मदन लाल ने बताया कि मनीष गर्ग ने खुद को बड़ा व्यापारी बताया था। करीब साढ़े 6 लाख रुपये के चावल की मांग की। कहा कि तीसरे दिन पूरा भुगतान कर देगा। भरोसे में आकर उन्होंने चावल की आपूर्ति दे दी। आरोपी ने भुगतान नहीं किया। फोन उठाना बंद कर दिया। कुछ दिन बीतने के बाद जब आढ़ती एसोसिएशन की टीम आरोपी के बताए पते पर पहुंची। पता चला कि वह काफी समय से वहां नहीं आया। एसोसिएशन ने एसपी से मुलाकात की और शिकायत दर्ज करवाई।
तरावड़ी थाना पुलिस ने अब मामले की जांच के दौरान आरोपी को काबू किया है। जांच अधिकारी कर्मबीर सिंह ने बताया कि पुलिस अपने सूत्रों के माध्यम से मंगलवार की रात का आरोपी तक मोहाली पहुंची। बुधवार को आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद रिमांड पर लिया गया है। पूछताछ के दौरान आरोपी से चावल की बरामदगी की जाएगी।