संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। प्रदेशभर के लिपिकों को पुलिस की ओर से रोके जाने से माल रोड रविवार को बाधित रहा। करीब तीन घंटे तक वाहनों की भी आवाजाही नहीं होने दी गई। ऐसे में लोगों को लाइनपार क्षेत्र में जाने के लिए और वहां के शहर में आने के लिए पांच से सात किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर काटना पड़ा।
लोगों को परेशानी न हो, इसके लिए पुलिस की ओर से रास्ते डायवर्ट किए गए। माल रोड से हर घंटे करीब दो हजार से ज्यादा वाहन गुजरते हैं। ऐसे में तीन घंटे के प्रदर्शन से करीब छह से सात हजार वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ी। बड़े वाहनों को काछवा व कैथल रोड से आने वालों को रेलवे रोड या पश्चिमी बाईपास से निकाला गया।
इसके अलावा आंबेडकर चौक से काछवा रोड की ओर जाने वाले भारी वाहनों को नेशनल हाईवे पर पश्चिमी बाईपास के लिए भेजा गया। जबकि छोटे वाहनों को रेलवे रोड से निकाला गया। कैथल रोड व न्यायपुरी रोड का ट्रैफिक लोड भी बढ़ गया। बाद में काछवा रोड पर यातायात प्रभावित होते देख पुलिस बल ने बैरिकेड लगाकर वाहनों को पुराने बस स्टैंड के रास्ते से निकालना शुरू कर दिया। शहर में सीटेट की परीक्षा होने के कारण भी बस स्टैंड के बाहर जाम की स्थिति बन गई।
काछवा पुल पर पसरा रहा सन्नाटा
प्रदेशभर के लिपिकों की ओर से माल रोड जाम किए जाने पर काछवा पुल पर तीन घंटे तक सन्नाटा पसरा रहा। इस दौरान दोनों ही ओर से वाहनों की आवाजाही बंद रही। पुलिस की ओर से पुल की दूसरी ओर रामनगर की तरफ बैरिकेड लगाकर वाहनों को रोक दिया गया था।