संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। फर्जी कंपनी में रुपये लगवाकर 10 से 30 प्रतिशत रकम बढ़ाकर देने का झांसा देकर करनाल के लोगों से 1.20 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले मुख्य आरोपी अमित कुमार वासी गौतमबुध नगर, उत्तर प्रदेश को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सेक्टर 32, 33 थाना पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपी का पांच दिन का रिमांड दिया है। अब रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से ठगी में शामिल आरोपियों के बारे में पता लगाएगी और ठगी की रकम बरामद करेगी।
आरोपी अमित कुमार ने ए टू जेड गेमिंग नाम से जल्दी पैसा कमाने के लालच में एक कंपनी बनाई थी। आरोपी इस कंपनी से 10 से 30 प्रतिशत पैसा बढ़ाकर देने का वादा करता था जिस कारण काफी लोगों ने कंपनी में पैसा लगा दिया। करनाल के आरके पुरम निवासी नंद किशोर और उनके साथियों ने कंपनी में 2023 में करीब 70 लाख रुपये लगा दिए। पैसा लगाए जाने के बाद आरोपी ने कंपनी ए टू जेड गेमिंग प्रॉब्लम आने का बहाना बनाकर बंद कर दी। इसके बाद आरोपी ने यूआईएफसी कॉइन नामक नई कंपनी शुरू कर दी।
नई कंपनी में भी लोगों का पैसा लगवाया गया। इसमें भी शिकायतकर्ता नंदकिशोर व उनके अन्य साथियों ने 2024 में करीब 50 लाख रुपये लगाए। आरोपी ने ठगी की नियत से दोनों कंपनी को बंद कर दिया। आरोपी और उसके साथियों ने कंपनियों में लगे करोड़ों रुपये हिस्सा बांटकर भाग गए। इस धोखाधड़ी के मामले में शिकायतकर्ता नंद किशोर की शिकायत पर आरोपी अमित कुमार के खिलाफ दो अगस्त 2025 को थाना सेक्टर 32,33 में प्राथमिकी दर्ज की गई। थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि पुलिस टीम ने निरंजन कुमार की अध्यक्षता में आरोपी अमित कुमार को गिरफ्तार किया। अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपी का पांच दिन का पुलिस रिमांड दिया है।