हरियाणा पुलिस अकादमी मधुबन के पंचम वाहिनी के दो रंगरूटों द्वारा फर्जी दस्तावेज देकर भर्ती होने का मामला सामने आया है। दोनों रंगरूट आरटीसी भौंडसी गुरुग्राम में ट्रेनिंग ले रहे हैं। पुलिस ने दोनों रंगरूटों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है। पुलिस महानिदेशक पंचकूला की ओर से हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग पंचकूला के द्वारा चयनित 5000 उम्मीदवारों में से पंचम वाहिनी में 927 उम्मीदवारों को पुलिस नम्बर अलाट करने के आदेश प्राप्त हुए थे। जिसमें रोहतक जिला के गांव चिढ़ी निवासी मोनू पुत्र सतबीर शर्मा तथा जींद जिला के गांव गढ़वाली निवासी युद्धवीर पुत्र सूरजमल को पुलिस नंबर अलॉट करने के लिए नामांकित किया गया था। मार्च 2019 में मोनू को 5/321 व युद्धवीर को 5/126 नंबर अलॉट किया गया। नंबर अलॉट होने के बाद दोनों को भौंडसी ट्रेनिंग सेंटर में भेज दिया गया था। इसके बाद दोनों के शैक्षिक दस्तावेजों के सत्यापन के लिए संबंधित यूनिवर्सिटी भेजा गया। यूनिवर्सिटी रिकॉर्ड के मुताबिक, सत्यापन के दौरान दोनों के दस्तावेज फर्जी पाए गए हैं।
बॉक्स
लड़की के नाम पर है मोनू का रोल नंबर
रंगरूट सिपाही मोनू ने सितंबर-2017 में स्नातक पास की है। महकमे ने मोनू के स्नातक दस्तावेज सत्यापन के लिए वीबीएस पूर्वांचल यूनिवर्सिटी जौनपुर (यूपी) भेजे। यूनिवर्सिटी के रिकॉर्ड में मोनू के रोल नंबर पर यूनिवर्सिटी में छात्रा लक्ष्मी वर्मा का नाम अंकित है। इसके अतिरिक्त अंकपत्र पर जिस परीक्षा नियंत्रक के हस्ताक्षर की मुहर लगी है वह सन् 2013 में सेवानिवृत हो चुका है।
इस यूनिवर्सिटी का छात्र ही नहीं है युद्धवीर
रंगरूट सिपाही युद्धवीर के स्नातक दस्तावेजों के मुताबिक, युद्धवीर ने जुलाई-2013 में राजस्थान के श्रीधर यूनिवर्सिटी से स्नातक की है। रंगरूट के डॉक्यूमेंट सत्यापन के लिए यूनिवर्सिटी भेजे गए, तो सामने आया कि युद्धवीर श्रीधर यूनिवर्सिटी का छात्र ही नहीं है। शैक्षिक दस्तावेज फर्जी हैं। इसके अतिरिक्त श्रीधर यूनिवर्सिटी कार्यालय के सचिव की ओर से एक और हू-ब-हू पत्र पुलिस महकमे को मिला है। जिसमें बताया गया है कि कर्मचारी युद्धवीर के दस्तावेज सही है और वह इसी यूनिवर्सिटी का छात्र है। जांच पड़ताल के दौरान पाया गया है कि रजिस्ट्रार के दोनों हस्ताक्षर एवं मोहर की स्याही में फर्क है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। फिलहाल पुलिस ने दोनों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
एचएसएससी भर्ती के दौरान दो रंगरूटों द्वारा स्नातक शैक्षिक योग्यता के जाली दस्तावेज तैयार करके हरियाणा पुलिस में सिपाही के पद पर भर्ती होने की शिकायत मिली है। दोनों के दस्तावेजों को यूनिवर्सिटी में सत्यापन के लिए भिजवाया गया था, जिसमें दस्तावेजों में कमी पाई गई है। पुलिस ने मोनू व युद्धवीर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। दस्तावेजों की जांच की जा रही है। दोषी के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
-तरसेम चंद, थाना प्रभारी मधुबन