माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। दयाल सिंह कॉलोनी में मंगलवार की शाम 4:30 बजे किराने की दुकान की संचालक पूजा सचदेवा की डेढ़ तोले की सोने की चेन लूट ली गई। टी-शर्ट पहने और चश्मा लगाए बदमाश दुकान पर ग्राहक बनकर आया। उनसे जैम्स का पाउच देने के लिए कहा। वह पीछे की ओर मुड़ी तो गले से सोने की चेन खींच ली। वारदात के बाद युवक पास में ही खड़े साथी के साथ बाइक पर सवार होकर भाग गया।
पुलिस के अनुसार महिला ने बताया कि दुकान पर परिवार की लड़की बैठी थी। युवक ने उससे दुकानदार महिला को बुलवाया। जब महिला दुकान पर आगे आई तो उसने 20 रुपये वाली कोल्ड ड्रिंक और पांच रुपये वाला जैम्स का पाउच मांगा। जैम्स के पाउच की लड़ी पीछे की ओर टंगी थी। महिला के पीछे की ओर मुड़ते ही युवक ने उनके गले से चेन खींच ली। महिला की चीख सुनकर आसपास के लोग एकत्रित हो गए। लेकिन तब तक युवक साथी के साथ भाग चुका था। थाना शहर पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है।
पूजा सचदेवा ने बताया कि कुंजपुरा रोड पर कर्ण स्वीट्स वाली गली में उनकी दुकान है। इसी दुकान के पीछे उनका घर है। वह और उनके पति ही दुकान चलाते हैं। पति दुकान पर नहीं थे तो उनके परिवार की लड़की आगे बैठी थी। युवक ने उन्हें आगे बुलाकर सामान मांगा। सीसीटीवी चेक करने पर पता चला कि हेलमेट पहना हुआ उसका साथी कुछ दूरी पर बाइक स्टार्ट करके खड़ा था। वारदात के बाद दोनों भाग गए। जांच अधिकारी धर्मबीर ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों का सुराग नहीं लगा है। सीसीटीवी चेक कर आरोपियों की पहचान की जा रही है।