सेक्टर सात के कर्णेश्वर महादेव मंदिर से सत्संग सुनकर घर लौट रही वृद्ध महिला को कार में लिफ्ट देने के बहाने कार सवार युवक व दो महिलाओं ने लूट लिया। तीनों वृद्धा से तीन सोने की चूड़ियां लूटकर महिला को चलती कार से फेंककर भाग निकले।
लूटी गई चूड़ियों की कीमत एक लाख रुपये आंकी गई है। हैरत की बात यह है चौबीस घंटे के भीतर यह दूसरी घटना है लेकिन पुलिस आरोपियों को काबू करने में नाकाम रही है। सेक्टर छह पुलिस ने महिला के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है। सेक्टर 13 की रहने वाली 72 वर्षीय संतोष शनिवार को सत्संग सुनने के लिए सेक्टर सात के कर्णेश्वर मंदिर में गई थी।
सत्संग सुनने के बाद आते हुए संतोष सड़क किनारे फुटपाथ से हाईवे की ओर आ रही थी। इसी बीच सफेद रंग की कार उनके पास आकर रुकी और कार सवार महिला ने संतोष को कार में बैठने का आग्रह किया लेकिन संतोष नानुकर के बाद बैठने को राजी हो गई। कार में बैठने के कुछ समय बाद महिलाआें ने संतोष के हाथों से तीन सोने की चुड़ियां काट ली।
महिला को जब पता चला तो उसने शोर मचाना शुरू किया लेकिन कार सवार संतोष को सेक्टर छह स्थित अमर अस्पताल के बाहर चलती कार से फेंककर भाग गए। संतोष की चीख पुकार सुनकर क्षेत्र के लोग एकत्र हो गए। लोगों ने वारदात की सूचना तुरंत पुलिस को दी। पुलिस ने शहर में नाकेबंदी कर दी।
इससे पहले शुक्रवार को चार चमन ऐरिया में एक वृद्धा से बाली और कंगन लूट लिए गए थे। इस मामले में भी अभी तक पुलिस कोई सुराग नहीं लगा सकी है। उधर, थाना सिविल लाइन में तैनात सब इंस्पेक्टर गजराज सिंह ने बताया कि पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
नौकरी के नाम पर दुराचार का आरोपी भेजा जेल
नौकरी के बहाने इंटरव्यू देने आई युवती से दुराचार करने के आरोपी शहर के नामी उद्यमी विशाल गुप्ता को अदालत ने चौदह दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
शुक्रवार को एक कॉलोनी की रहने वाली युवती ने शिकायत दी थी कि शहर के नामी व्यवसायी विशाल गुप्ता ने उसे काम देने के बहाने सेक्टर नौ में अपने कार्यालय में बुलाया था। वह जब वहां काम के लिए पहुंची तो विशाल ने उसके साथ दुराचार किया। बाद में पीड़ित पुलिस थाने पहुंची।
पुलिस ने मेडिकल जांच कराई और काउंसिलिंग के बाद मामला दर्ज कर विशाल को काबू कर लिया था। शनिवार को आरोपी को कोर्ट मेें पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे चौदह दिन के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
चोरी की बाइक खरीदने वाले को कैद
चोरी की बाइक खरीदने के आरोपी युवक को कोर्ट ने छह महीने की कैद व 1500 रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है। उत्तर प्रदेश के शामली के गांव झिंझाना निवासी गुलफाम पर आरोप था कि उसने चोरी की बाइक खरीदी थी। कोर्ट ने गुलफाम को दोषी करार दिया।
कार्रवाई के लिए एसपी से लगाई गुहार
तोड़फोड़ कर दुकान में घुसने और चोरी के मामले में पीड़ित लोग पुलिस के दरवाजे पर चक्कर लगा रहे हैं लेकिन पुलिस उनकी सुनवाई नहीं कर रही है। मामले में पीड़ित ने पुलिस कप्तान से मिलकर न्याय की मांग की है। मामला भी पुलिस ने अदालत के आदेश पर दर्ज किया गया था।
कुंजपुरा रोड निवासी विनोद कुमार ने पुलिस कप्तान को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि सिविल लाइन पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर रही है। उसने 1977 में कुंजपुरा रोड पर एक दुकान किराए पर ली थी। इसका वह नियमित किराया देता रहा है।
परंतु कुछ समय पूर्व किसी बात को लेकर उसकी मालिक से तनातनी हो गई। इसके बाद से ही मालिक उसकी दुकान को हथियाने की कोशिश कर रहा है। यह मामला अदालत में चला और अदालत ने दुकान मालिक का केस खारिज कर दिया। विनोद कुमार ने बताया कि इसी बीच 29 मार्च को उसकी दुकान की पीछे से दीवार तोड़कर मालिक ने सारा सामान वहां से निकाल दिया।
उसे सुबह इस बारे में पता किया तो वह शिकायत लेकर पुलिस के पास पहुंचा, लेकिन पुलिस ने मामला दर्ज करने से मना कर दिया। इसके बाद आला अधिकारियों के यहां गया, परंतु उसकी फरियाद किसी ने नहीं सुनी। आखिर में विनोद ने अदालत में शिकायत दायर की।
अदालत ने पुलिस को मामला दर्ज करने के आदेश दिए। अदालत के आदेश पर पुलिस ने छह सितंबर को नरेश कुमार के खिलाफ मुकदमा तो दर्ज कर लिया, परंतु आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की। एसपी ने कार्रवाई का भरोसा दिया है।
ज्यादा शराब पीने से एक की मौत
सेक्टर छह के पीछे साईं मंदिर के समीप पुलिस को एक व्यक्ति का शव मिला है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में पता चलता है मौत का कारण अत्यधिक शराब पीना रहा है। शनिवार सुबह पुलिस को साईं मंदिर के समीप बीमार व्यक्ति के पड़े होने की वीटी मिली थी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से बीमार व्यक्ति को कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भेजा लेकिन ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सिपाही राजेंद्र ने बताया कि जब पुलिस मौके पर पहुंची तो उस व्यक्ति की सांसें चल रही थी।
स्थानीय लोगाें ने बताया कि कुछ देर पहले इस व्यक्ति ने अधिक शराब पी हुई थी। नशे की हालत में यह व्यक्ति गिर गया। इसके बाद उसे उपचार के लिए ट्रॉमा पहुंचाया गया।