शहर में मनी राम मंडी के समीप रात को करीब नौ बजे जेएमडी सुपर स्टोर से नकाबपोश दो बदमाशों ने पिस्तौल दिखाकर तीस हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। दुकानदार का कहना है कि बदमाशों ने पहले हल्दी मांगी थी। इसके बाद उन्होंने पिस्तौल से तीन हवाई फायर किए और रुपये लूटकर भाग गए। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची मामले की जांच शुरू कर दी है। दूसरी और लूट की वारदात के बाद शहर के दुकानदार दहशत में हैं। जब बदमाशों ने हवाई फायर किया था तो वहां अफरा-तफरी मच गई।
जेएमडी सुपर स्टोर के संचालक अरविंद ने बताया कि वह रात को करीब 9 बजे दुकान पर बैठा था। अचानक दो नकाबपोश युवक आए उन्होंने कहा कि हल्दी दो। वह उनसे पूछने ही वाला था कि कितनी देनी है। इसी दौरान उन्होंने पिस्तौल से तीन हवाई फायर कर दिए। पिस्तौल देखकर वह डर गया। उन्होंने कहा कि रुपये दो और वह गल्ले से करीब 30 हजार रुपये लूटकर बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। लूट की वारदात के बाद सभी दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर ली और वह मौके पर एकत्रित हो गए। सभी दुकानदारों ने एक सुर में कहा कि अब वह कैसे दुकानदारी करें। अब तो दुकानों में घुसकर लूट होने लगी है। दुकानदारों ने कहा कि इससे पहले भी शहर में कई लूट की वारदात हो चुकी है।
एक दुकानदार से पिस्तौल के बल पर लूट करने की सूचना मिली है। मौके पर जाकर जांच की गई। बताया गया कि बदमाशों ने हवाई फायर भी किया था। इस मामले की जांच की जा रही है।
सचिन कुमार, घरौंडा थाना प्रभारी।