संवाद न्यूज एजेंसी
असंध। लिंगानुपात को बढ़ावा देने और बेटियों को सम्मान दिलाने के लिए नेशनल इंटीग्रेटिड फोरम ऑफ आर्टिस्टस एंड एक्टिविस्टस (निफा) की ओर से रविवार को एसडी स्कूल असंध में लोहड़ी बेटी के नाम कार्यक्रम का आयोजन किया गया गया इसमें मुख्य अतिथि प्रहलाद शर्मा और विशिष्ट अतिथि के तौर पर निफा जिलाध्यक्ष रणजीत सिंह गरेटा ने शिरकत की। कार्यक्रम में 35 बच्चियों की लोहड़ी मनाई गई। उनको उपहार देकर सम्मानित किया गया।
निफा शाखा अध्यक्ष कुलदीप मल्ली, संरक्षक अनित चोपड़ा व शहरी अध्यक्ष गौरीशंकर ने मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। मंच का संचालन शहरी अध्यक्ष गौरीशंकर ने किया। प्रहलाद शर्मा ने कहा कि वे बेटियों के स्वास्थ्य और शिक्षा की ओर ध्यान दें। जब बेटियां अच्छी शिक्षा प्राप्त करेंगी तो वे अवश्य ही प्रदेश और देश के नव निर्माण में अपना अहम योगदान दे सकेंगी।
जिलाध्यक्ष रणजीत सिंह गरेटा ने कहा कि समाज को संवारने में बेटियों का हमेशा सराहनीय योगदान रहा है। स्कूल निदेशक सोमदत्त शर्मा ने कहा कि बेटियों का समाज में बेटों के बराबर सम्मान हो। निफा ब्लॉक प्रधान कुलदीप मल्ली ने सभी को लोहड़ी की शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर निफा शाखा के कोषाध्यक्ष गुलशन चावला, लक्ष्मण शर्मा, सीताराम शर्मा, आलमजीत सिंह, नरेश जांगड़ा, स्वर्ण सिंह, सतीश कौशिक आदि मौजूद रहे।