- रुपयों का लालच देकर करवा रहे वारदात, एसटीएफ की ओर से पकड़े गए दो शूटरों से हुआ खुलासा
राकेश चौहान
करनाल। विदेश में बैठे गैंगस्टरों का दुस्साहस बढ़ता जा रहा है। पुलिस के पहरे में फायरिंग की वारदात करा ये पुलिस को खुली चुनौती दे रहे हैं। जिन कारोबारियों से इन बदमाशों ने रंगदारी मांगी है। वह दोबारा उनके घर व शोरूम पर फायरिंग करा रहे हैं। इसके लिए उन्होंने अब नाबालिगों को माध्यम बनाना शुरू कर दिया है। ये बदमाश चंद रुपयों का लालच देकर नाबालिग के हाथों में हथियार देकर उन्हें शूटर बना रहे हैं ताकि वह दहशत फैलाने व व्यापारियों को डराने के लिए फायरिंग करा सकें।
इसका खुलासा करनाल एसटीएफ की ओर से यमुनानगर में पकड़े गए लाॅरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े काका राणा के दो शूटरों से हुआ है। जिनके साथ एसटीएफ टीम की मुठभेड़ हुई। जिसमें एक शूटर की टांग पर गोली लगी है। उसी शूटर ने करनाल के सेक्टर-7 व घरौंडा में एक मोबाइल शोरूम पर अपने अन्य साथी के साथ बाइक पर सवार होकर फायरिंग की थी। ये दोनों शूटर नाबालिग हैं और दोनों मुलाना के रहने वाले हैं। फिलहाल इन दोनों शूटरों से यमुनानगर पुलिस पूछताछ कर रही है। इसके बाद करनाल पुलिस आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पूछताछ करेगी।
जिले में दो बदमाशों के नाम से लोगों से रंगदारी मांगी जा रही है। ये दोनों गैंगस्टर विदेश में बैठे हैं। जो एक के बाद एक उद्योगपतियों, व्यापारियों व डॉक्टर को निशाना बना रहे हैं। वह पहले व्हाट्सएप नंबर से कॉल कर एक करोड़ से 50 लाख रुपये तक रंगदारी मांगते हैं। वहीं से जरूरतमंद युवाओं को रुपयों का लालच देकर उन्हें अपने गैंग में शामिल करते हैं। फिर उन युवाओं को हथियार देकर जिन लोगों से रंगदारी मांगी गई है, उनके द्वारा रंगदारी न मिलने पर उन्हें डराने के लिए उनके घर, दुकान के बाहर फायरिंग कराते हैं।
अब तक की गईं मुख्य वारदात
- सेक्टर-14 में 30 अप्रैल 2024 को कालरम गांव निवासी सुमित पर बाइक सवार बदमाशों ने गोली चलाई थी। जिसमें पीड़ित के पेट में गोली लगी थी। उसकी जान बच गई। पीड़ित से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी।
- कर्ण कैनाल पर दो इमिग्रेशन सेंटरों के बाहर बाइक सवार बदमाशों ने गोलियां चलाई थी। इनसे भी एक करोड़ की रंगदारी मांगी गई।
- इंद्री में फास्ट फूड के मालिक चांद के घर पर छह सितंबर को बाइक सवार दो बदमाशों ने फायरिंग की थी और रंगदारी मांगी गई।
- सात अगस्त को प्राइवेट अस्पताल के बाहर बाइक सवार दो बदमाशों ने हवाई फायर किए थे। डॉक्टर से भी रंगदारी मांगी गई।
- तरावड़ी में भी सात अगस्त को एक प्रॉपर्टी डीलर से विदेशी नंबर से कॉल कर रंगदारी मांगी गई थी।
पुलिस के पहरे में चलाई थी गोली
एसटीएफ टीम की ओर से पकड़े गए एक नाबालिग ने अपने एक साथी के साथ मिलकर पहले पांच जनवरी को सेक्टर 7 स्थित राज ज्वेलर्स के मालिक के घर के बाहर शाम को फायर किया था। वहीं सात जनवरी को घरौंडा के फ्लाईओवर से घरौंडा थाने के समीप जेएमडी शोरूम पर फायर किया था। इन दोनों जगहों पर पुलिस की टीमें सुरक्षा के लिए तैनात है। पहले भी यहां बदमाशों ने गोली चलाई थी। घरौंडा के जेएमडी शोरूम पर दूसरी बार गोली चलाई गई। इससे पहले जिन बदमाशों ने गोली चलाई थी। उन्हें कुरुक्षेत्र की सीआईए टीम ने घरौंडा से ही काबू कर लिया था। वहीं राज ज्वेलर्स के मालिक से पहले से ही बदमाशों ने रंगदारी मांगी है।
पुलिस पर भी चलाते हैं गोली
इन बदमाशों के शूटरों में पुलिस का भी डर नहीं है। जब पुलिस इन बदमाशों को पकड़ने के लिए जाती है तो ये पुलिस पर भी गोली चला देते हैं। करनाल में ही पुलिस के साथ मुठभेड़ होने के पांच मामले सामने आ चुके हैं। जिनमें बदमाशों ने पुलिस पर भी गोली चलाई है। गनीमत रही कि पुलिस के कर्मचारी का बचाव हो गया। हालांकि पानीपत क्षेत्र में असंध सीआईए के एक पुलिस कर्मचारी को गोली भी लगी थी। जो फिलहाल ठीक है। अधिवक्ता हरीश आर्य ने बताया कि कानून में नाबालिग के लिए कुछ रियायतें हैं। यदि कोई अपराधी नाबालिग है तो उसका मामला जुवेनाइल कोर्ट में चलेगा। वहीं नाबालिग होने के कारण अपराधी को जल्द बेल मिलने की संभावना रहती है। वहीं सजा में भी रियायत मिलती है।